Budaun News: बदायूं में पिता ने कुल्हाड़ी से की बेटे की हत्या, शराब के नशे में हुआ था विवाद

बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के बची गांव में पिता पर अपने बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप लगा है। बताया गया कि शराब पीने के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी पिता की तलाश जारी है।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 24 October 2026, 2:14 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। उसहैत थाना क्षेत्र के बची गांव में पिता-पुत्र के बीच कहासुनी के बाद बेटे की हत्या का आरोप पिता पर लगा है। बताया जा रहा है कि दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

नशे में कहासुनी के बाद खूनी वारदात

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामोतार पुत्र नरेश के रूप में हुई है। वह अपने पिता के साथ कई सालों से बदायूं शहर में रहकर सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र शुक्रवार को अपने गांव बची आए थे।

आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर पिता नरेश ने कथित तौर पर पास में रखी कुल्हाड़ी से बेटे पर हमला कर दिया। हमले में रामोतार की मौके पर ही मौत हो गई।

नशे में कहासुनी के बाद खूनी वारदात (Source: Pinterest)

घर में मिला शव, गांव में फैली सनसनी

घटना की जानकारी मिलने के बाद उसहैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर में चारपाई पर पड़े शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। जिस परिवार में पिता-पुत्र साथ रहकर काम करते थे, वहां हुई इस वारदात से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

18 हजार वेतन और सरकारी कर्मचारी का दर्जा, आश्वासन के बाद एटा में 21 दिन बाद थमा आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

आरोपी पिता की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी पिता नरेश फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर घटना से जुड़ी परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी और विवाद की वजह सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Budaun

Published :  24 October 2026, 2:14 PM IST