हिंदी
मोबाइल की किस्त के विवाद में किसान की हत्या का आरोप (IMG: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मोबाइल की किस्त जमा करने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जरीफनगर थाना क्षेत्र के उस्मानपुर गांव में 50 वर्षीय किसान भीमसेन की डंडे से पीटकर हत्या किए जाने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण डॉ. हिर्देश कठेरिया और सीओ सहसवान अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले भीमसेन ने गांव के ही अजीत के आधार कार्ड पर फाइनेंस के जरिए मोबाइल खरीदा था। मोबाइल की किस्त अजीत के खाते से जमा होनी थी, लेकिन पिछले करीब तीन महीने से किस्त जमा नहीं हो पाई थी। इसके बाद फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी अजीत के घर पहुंचकर किस्त जमा करने के लिए दबाव बना रहे थे।
बदायूं में धर्मेंद्र यादव का बड़ा बयान, बोले- भाजपा की गोद में बैठा है चुनाव आयोग
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 10 बजे भीमसेन अपने घर में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अजीत कथित तौर पर डंडा लेकर उनके घर पहुंचा। मोबाइल की किस्त को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अजीत ने भीमसेन पर डंडे से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर जरीफनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद एसपी ग्रामीण डॉ. हिर्देश कठेरिया और सीओ सहसवान अशोक कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।
Crime News: बदायूं में इंजेक्शन लगाने के बाद बुजुर्ग की मौत, डॉक्टर बबलू पर परिजनों ने लगाए आरोप
बताया गया कि भीमसेन के दो बेटे दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं। वह गांव में अपनी बहू मीना के साथ रहते थे। किसान की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 14 October 2026, 6:58 PM IST