‘दोषी कितना भी बड़ा हो, बख्शा नहीं जाएगा’… राम मंदिर विवाद पर किसने दिया ये बयान

मिर्जापुर दौरे पर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ट्रस्ट को भी जवाबदेह बताया और विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 July 2026, 8:40 AM IST
google-preferred

Mirzapur: उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मिर्जापुर दौरे के दौरान अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और केंद्र तथा उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद मीडिया से की बातचीत

मिर्जापुर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सबसे पहले मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

'ट्रस्ट भी जवाबदेह, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई'

राम मंदिर मामले पर बोलते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि मंदिर का संचालन ट्रस्ट के माध्यम से होता है और सरकार का उसमें प्रत्यक्ष हस्तक्षेप नहीं होता। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रस्ट का प्रमुख भी जवाबदेह है। यदि जांच में किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी नेताओं पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी क्या कहते हैं, यह उनका विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पहले राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, आज वही राम मंदिर को लेकर चिंता जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब कुछ समझ रही है और सरकार किसी भी दोषी को बख्शने वाली नहीं है।

हनुमान वेश में डांस पर भी दी प्रतिक्रिया

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोड शो में हनुमान के वेश में कलाकार के डांस करने के सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता कभी-कभी उत्साह में ऐसे कदम उठा लेते हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए थीं।

आसमान से बरसी आफत: यूपी में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड, थमेगा पश्चिम का जलतांडव, लेकिन 12-13 जुलाई को फिर भारी खतरा

सरकार ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

पंकज चौधरी ने दोहराया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार दोनों इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करा रही हैं। उनका कहना था कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी दोषी को उसकी हैसियत के आधार पर राहत नहीं मिलेगी।

Location :  Mirzapur

Published :  10 July 2026, 8:37 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement