
मिर्जापुर में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में उठे सवाल (Img: AI Generated Image)
Mirzapur: बिहार के भोजपुर जिले के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर अब उत्तर प्रदेश में भी आवाजें उठने लगी हैं। भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद लगातार फर्जी एनकाउंटर के आरोप लगाए जा रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। इसी बीच समाजसेवी नागेंद्र दुबे ने इस पूरे प्रकरण पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए बिहार सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
नागेंद्र दुबे का कहना है कि भरत भूषण तिवारी गंगा कटान से प्रभावित लोगों, विस्थापित परिवारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने वाले व्यक्ति को न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि देश और समाज के लिए संघर्ष करने वालों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता। जिस तरह इतिहास में लोगों ने अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी, उसी तरह भरत भूषण तिवारी के मामले में भी न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।
बिहार के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर समाजसेवी नागेंद्र दुबे ने कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। अब उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लोग न्याय की इस लड़ाई में साथ खड़े होंगे। देखिये डाइनामाइट न्यूज़ से खास बातचीत में उन्होंने क्या कहा?@bihar_police @Uppolice… pic.twitter.com/W6EgYpGDqJ
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 22, 2026
समाजसेवी नागेंद्र दुबे ने कहा कि अब इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के लोग भी आगे आएंगे और हर स्तर पर सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का मामला नहीं बल्कि जनता के अधिकारों और न्याय से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों से जनता से किए गए वादे पूरे नहीं हुए और अब लोग जवाब मांग रहे हैं। उनका कहना है कि आम जनता विकास और बेहतर व्यवस्था की उम्मीद में वोट देती है, लेकिन जब सवाल उठाने वालों के साथ ऐसी घटनाएं होती हैं तो लोगों का भरोसा कमजोर पड़ता है।
भरत भूषण तिवारी का नाम पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। आरोप है कि 17 जून को पुलिस कार्रवाई के दौरान उन्हें गोली लगी थी। इसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कई लोगों ने दावा किया कि तिवारी आत्मसमर्पण करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन पर गोली चलाई गई। इसी आधार पर फर्जी एनकाउंटर के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस का पक्ष अलग बताया जा रहा है और अधिकारियों की ओर से कार्रवाई को नियमों के तहत बताया जा रहा है।
Location : Mirzapur
Published : 22 June 2026, 4:35 PM IST