Bareilly: जमीन एक, सौदे दो और रकम लाखों में… 40 लाख की डील के बाद खुला राज तो पुलिस ने दर्ज की FIR

बरेली में कतर में काम करने वाले NRI इंजीनियर से 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिस प्लॉट का सौदा किया गया, वह पहले ही बेचा जा चुका था। पुलिस ने IVRI कर्मचारी, उसकी पत्नी, बेटे और बहू के खिलाफ FIR दर्ज की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 August 2026, 12:34 PM IST

Bareilly: बरेली में कतर में काम करने वाले एक NRI इंजीनियर से 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिस प्लॉट को इंजीनियर को बेचा गया, वह पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेचा जा चुका था। मामले में इज्जतनगर थाने में IVRI कर्मचारी, उसकी पत्नी, बेटे और बहू के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

2019 में 40 लाख रुपये में खरीदा था प्लॉट

खुशबू इंक्लेव निवासी अहमद अजीज खां ने पुलिस को बताया कि उनके भाई अहमद अजीम खां कतर में इंजीनियर हैं। आरोप के मुताबिक, 16 अगस्त 2019 को ग्राम मुड़िया अहमदनगर स्थित गाटा संख्या 128 मि. में 168.44 वर्गमीटर का प्लॉट खैरुननिशा से 40 लाख रुपये में खरीदा गया था।

शिकायतकर्ता का दावा है कि रजिस्ट्री में भुगतान दर्शाने के लिए चार-चार लाख रुपये के चार चेक दिए गए थे, लेकिन आरोपियों ने चेक बैंक में जमा न करने की बात कहते हुए पूरी रकम नकद ले ली।

एक ही जमीन दो लोगों को बेचने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, जब प्लॉट पर कब्जा लेने के लिए पहुंचे तो जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद सामने आया। आरोप है कि जिस प्लॉट का बैनामा NRI इंजीनियर के नाम किया गया था, उसे पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेचा जा चुका था।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जमीन को विवादमुक्त बताकर कथित कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सौदा किया गया और 40 लाख रुपये ले लिए गए। कई बार कब्जा दिलाने का आश्वासन दिया जाता रहा।

रकम मांगने पर मारपीट और धमकी का आरोप

अहमद अजीज के अनुसार, एक जून 2026 को उन्होंने शेर बहादुर और उसके बेटे गुलाम साबिर से प्लॉट पर कब्जा देने या रकम वापस करने की मांग की। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।

20 जून को दोबारा रकम या जमीन वापस मांगने पहुंचने पर विवाद बढ़ गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पिता-पुत्र ने उनके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।

UP Politics: चुनाव से पहले अखिलेश ने लिया बड़ा फैसला, अब इन नेताओं के लिए सपा में नहीं खुलेगा दरवाजा

बहू पर भी गंभीर आरोप

शिकायतकर्ता ने शेर बहादुर की बहू अबरेशम खान पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बहू ने कपड़े फाड़कर छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई।

Traffic Challan: चालान भरने में की देरी तो बढ़ सकती है मुश्किल, कोर्ट तक पहुंच सकता है मामला; जानें पूरा नियम

जांच के बाद चार लोगों पर FIR

21 जुलाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत किए जाने के बाद मामले की जांच एएसपी को सौंपी गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने खैरुननिशा, IVRI कर्मचारी शेर बहादुर, उसके बेटे गुलाम साबिर और बहू अबरेशम खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  Bareilly

Published :  16 August 2026, 12:34 PM IST