‘छिनैती के बाद बेखौफ घूम रहे थे बदमाश’! पुलिस से भिड़े तो पैर में लगी गोली, मीरगंज मुठभेड़ में दो गिरफ्तार

मीरगंज क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक से बैग छीनने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 September 2026, 3:44 PM IST

Bareilly: बरेली मीरगंज क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक से बैग छीनने की घटना में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचा-कारतूस, छिनैती के 9,500 रुपये, वारदात में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है।

बरेली मीरगंज के रम्पुरा जाटान निवासी निर्देव कुमार ने पुलिस को बताया था कि 29 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे वह बाइक से जनसेवा केंद्र से घर लौट रहे थे। दुलीराम इंटर कॉलेज के पास मोड़ पर पीछे से बाइक सवार दो युवक पहुंचे और उनके कंधे पर लटका बैग झपटकर फरार हो गए। शिकायत पर मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

पुलिस पर चलाई गोली

पुलिस के मुताबिक, दो सितंबर की रात मीरगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बलुपुरा चौराहे के पास दो संदिग्ध युवक किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उनकी घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घायल आरोपी और उसके साथी को दबोच लिया।

ये भी पढ़ें: Bareilly Encounter: हत्या के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, तमंचा और चाकू बरामद

रवि को लगी गोली, विक्की भी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान 26 वर्षीय रवि पुत्र अशोक निवासी मोहल्ला शिवपुरी, मीरगंज के रूप में हुई। उसके साथ पकड़े गए दूसरे आरोपी ने अपना नाम 19 वर्षीय विक्की पुत्र मूलचंद निवासी मोहल्ला मालीपुरा, मीरगंज बताया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने 29 जुलाई को दुलीराम इंटर कॉलेज के पास हुई छिनैती की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।

ये भी पढ़ें: Bareilly Murder: बरेली में सनसनीखेज हत्या: पैसे के विवाद में युवक को चाकू से गोदा, बगिया में मिला शव

तमंचा-कारतूस के साथ 9,500 रुपये बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस, छिनैती से संबंधित 9,500 रुपये, वारदात में इस्तेमाल बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। मुठभेड़ के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Bareilly

Published :  2 September 2026, 3:44 PM IST