
शादी के चार महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत (Img- Pinterest)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के तर्जुआ गांव में शादी के महज चार महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और फंदे पर लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हाफिजगंज क्षेत्र के अहमदाबाद निवासी अवदेश के मुताबिक, उनकी ममेरी बहन संगीता की शादी करीब चार महीने पहले भोजीपुरा थाना क्षेत्र के तर्जुआ गांव निवासी धारा सिंह पुत्र जगदीश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर संगीता को प्रताड़ित किया जा रहा था। इसको लेकर परिवार में आए दिन विवाद होने का भी आरोप है।
Bareilly Encounter: हत्या के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, तमंचा और चाकू बरामद
अवदेश का आरोप है कि गुरुवार को संगीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि पति ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर संगीता को फंदे पर लटकाकर उसकी हत्या कर दी। आरोप यह भी है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को इसकी सूचना नहीं दी। किसी अन्य माध्यम से संगीता की मौत की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग तर्जुआ गांव पहुंचे।
मायके वालों की सूचना पर भोजीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतका के पति धारा सिंह और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मायके पक्ष की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Bareilly
Published : 4 September 2026, 4:34 PM IST