राशन लेकर निकला था फैसल, रास्ते में काल बनकर खड़ा था ट्रक: बरेली में बड़ा हादसा, चालक की मौत के बाद सुरक्षा पर उठे सवाल

बरेली के मीरगंज में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर खराब खड़े ट्रक से कंटेनर की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने केबिन काटकर शव बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 October 2026, 3:11 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। कुल्छा खुर्द के पास हाईवे पर खड़े खराब ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव

हादसे की सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस और पीआरवी मौके पर पहुंची। कंटेनर का केबिन बुरी तरह पिचक जाने के कारण चालक उसमें फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

Bareilly News: ‘बर्थडे पार्टी’ का नशा और गर्ल्स कॉलेज के बाहर तमाशा: बरेली में दो भाइयों की शर्मनाक करतूत, पुलिस ने किया चालान

दिल्ली से शाहजहांपुर जा रहा था चालक

मृतक चालक की पहचान बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र के उदरपुर गांव निवासी फैसल के रूप में हुई है। बताया गया कि फैसल दिल्ली से कंटेनर में किराना का सामान लेकर शाहजहांपुर जा रहा था। इसी दौरान कुल्छा खुर्द के पास सड़क पर खराब खड़े ट्रक से उसका कंटेनर टकरा गया।

हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार

हादसे के बाद दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

खाद की किल्लत से पेपर लीक तक, बरेली में सपा युवजन सभा का कलेक्ट्रेट पर हल्लाबोल

खराब ट्रक के पास सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

बताया जा रहा है कि खराब ट्रक हाईवे पर खड़ा था, लेकिन उसके आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। हादसे के बाद हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि कुल्छा खुर्द के पास खराब खड़े ट्रक से कंटेनर की टक्कर हुई, जिसमें कंटेनर चालक की मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Location :  Bareilly

Published :  2 October 2026, 3:11 PM IST