हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में सुभाषनगर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय बाबू उर्फ रोहित के पैर में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को वंशीनगला निवासी गुड़िया देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बाबू उर्फ रोहित समेत कुछ लोगों ने उनके पति सचिन कश्यप के साथ मारपीट की थी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान बाबू उर्फ रोहित ने चाकू से सचिन के सीने पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी आशीष मौर्य को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी बाबू उर्फ रोहित की तलाश लगातार जारी थी।
पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात सूचना मिली कि बाबू उर्फ रोहित श्मशान घाट मंदिर से सराय तलफी की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सराय तलफी रोड पर घेराबंदी कर दी। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर आरोपी भागने लगा और रोकने की कोशिश करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां पुलिस हिरासत में उसका इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के मामले में अलग से कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी:
बाबू उर्फ रोहित, उम्र 22 वर्ष
निवासी- वंशीनगला, थाना सुभाषनगर, बरेली
बरामदगी:
Location : Bareilly
Published : 1 September 2026, 12:04 PM IST
Topics : Bareilly Police Encounter Bareilly Crime News Bareilly Murder Case Police encounter UP Subhash Nagar Police