Bareilly: जिस भाई की कलाई पर बांधी थी राखी, उसी ने सीने में दाग दी गोली; मातम में बदलीं खुशियां

बरेली के शेरगढ़ थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद बड़े भाई ने अपने छोटे भाई को गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 July 2026, 6:25 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खजुआ जागीर में संपत्ति विवाद के चलते एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। यहां बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी गुड्डू उर्फ तौफीक और उसके छोटे भाई इसरार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने तमंचा निकाल लिया। आरोप है कि गुड्डू उर्फ तौफीक ने इसरार के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही इसरार जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

यहां भी पढ़ें: Bareilly: इंसानियत शर्मसार, गैस कनेक्शन के बहाने बुलाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, जानिए क्या है पूरा मामला

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद परिजन घायल इसरार को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान इसरार की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पिता ने आरोपी बेटे पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक के पिता ने बताया कि आरोपी गुड्डू उर्फ तौफीक का व्यवहार लंबे समय से ठीक नहीं था। इसी वजह से उसे पहले ही परिवार से अलग कर दिया गया था। पिता के अनुसार, इसके बावजूद वह अक्सर घर आकर झगड़ा और गाली-गलौज करता था। घटना वाले दिन भी वह घर पहुंचा और विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने पहले मारपीट की और फिर गोली चला दी।

यहां भी पढ़ें: Bareilly: साहेब ‘सिस्टम’ के आगे सब फेल, जानिए सिंचाई विभाग के अफसरों ने MLC को क्यों कराया इंतजार?

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

मृतक की पत्नी फैजी की तहरीर पर शेरगढ़ थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Bareilly

Published :  17 July 2026, 6:25 PM IST