इंस्टाग्राम पर डील और जिले-जिले में सप्लाई! आंवला पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा बड़ा सिंडिकेट, भारी मात्रा में तमंचे बरामद

बंद पड़े भट्टे में चल रही कथित अवैध असलहा फैक्ट्री तक पुलिस कैसे पहुंची? छापेमारी में 12 तमंचे, रायफल, कारतूस और हथियार बनाने का सामान बरामद होने के बाद पुलिस अब कथित सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 30 September 2026, 8:57 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला पुलिस ने गांव मनौना के आगे बंद पड़े एक भट्टे पर छापा मारकर कथित अवैध शस्त्र निर्माण का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मौके से 12 देशी तमंचे 315 बोर, एक पौनिया, एक देशी रायफल, एक जिंदा कारतूस, सात लोहे की नाल, ट्रिगर, स्प्रिंग और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा के अनुसार, 29/30 सितंबर की रात पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव मनौना के आगे बंद पड़े भट्टे पर कुछ लोग अवैध हथियार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

बरेली में साइबर ठगों का नया जाल: वर्क फ्राम होम का लालच युवती से उड़ाए 87 हजार रुपये

चारों आरोपी बदायूं के रहने वाले

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेन्द्र प्रताप सिंह, रजत प्रताप सिंह उर्फ शंकर, रामगोपाल और अवधेश के रूप में हुई है। चारों बदायूं जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हथियार निर्माण और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

दो पर हथियार बनाने और दो पर बेचने का आरोप

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में रामगोपाल और अवधेश ने कथित तौर पर अवैध तमंचे बनाने और पुराने हथियारों की मरम्मत करने की बात बताई है। वहीं योगेन्द्र और रजत पर तैयार हथियार खरीदकर उन्हें अधिक कीमत पर बेचने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर इंस्टाग्राम के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर हथियार बेचते थे और अलग-अलग जिलों में उनकी सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बरेली में प्लाईवुड फैक्ट्री मालिक पर 25 लाख हड़पने और मारपीट का केस दर्ज, लकड़ी सप्लायर ने खोले बड़े राज

ब्रेजा कार और चार मोबाइल भी बरामद

पुलिस ने मौके से एक ब्रेजा कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस इन मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच के जरिए हथियारों की बिक्री, ग्राहकों और सप्लाई नेटवर्क से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

मामले में थाना आंवला में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों के स्रोत और संभावित खरीदारों के बारे में भी जांच की जा रही है।

Location :  Bareilly

Published :  30 September 2026, 8:57 PM IST