
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest )
Barabanki: बाराबंकी में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो ने पुलिस को तुरंत हरकत में ला दिया। पारिवारिक विवाद के बाद मानसिक तनाव में आए 20 वर्षीय युवक ने रविवार शाम नहर किनारे पहुंचकर Instagram पर आत्महत्या से जुड़ा वीडियो पोस्ट किया। पोस्ट की निगरानी के दौरान META की ओर से पुलिस को अलर्ट मिला, जिसके बाद महज सात मिनट में पुलिस युवक तक पहुंच गई।
मामला जैदपुर के अहमदपुर निवासी 20 वर्षीय शाबिर अली का है। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:23 बजे वह नहर के किनारे पहुंचा था। पारिवारिक विवाद के कारण वह काफी तनाव में था।
इसी दौरान उसने अपना वीडियो बनाकर Instagram पर पोस्ट किया। वीडियो में उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। सोशल मीडिया पोस्ट की निगरानी के दौरान META की ओर से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित इंटरनेट मीडिया सेंटर को ई-मेल के जरिए तत्काल अलर्ट भेजा गया।
अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय लखनऊ के इंटरनेट मीडिया सेंटर ने युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद तत्काल बाराबंकी पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
मसौली पुलिस के उपनिरीक्षक राशिद और हेड कांस्टेबल वीरेंद्र यादव बिना देर किए मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम महज सात मिनट में युवक तक पहुंच गई।
इलाज या जिंदगी से खिलवाड़? बदायूं में 1 महीने के अंदर एक निजी नर्सिंग होम में चौथी मौत से मचा कोहराम
पुलिस के मुताबिक, युवक नहर किनारे बैठकर रो रहा था और बेहद तनाव की स्थिति में था। पुलिस टीम ने उसे नहर से दूर किया और बातचीत के जरिए शांत कराने की कोशिश की।
इसके बाद उसकी काउंसिलिंग की गई। पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत कर उसकी परेशानी समझने की कोशिश की और उसे भरोसा दिलाया कि समस्या का समाधान बातचीत से निकाला जा सकता है।
पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है। घर में हुए विवाद के बाद वह मानसिक तनाव में चला गया था। इसी भावनात्मक स्थिति में उसने Instagram पर वीडियो पोस्ट किया था।
काउंसिलिंग के बाद युवक की स्थिति सामान्य हुई। उसने पुलिस को भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में ऐसा कदम नहीं उठाएगा।
यूपी में कैसे होती थी सिलेंडरों से गैस चोरी? एजेंसी से निकलते ही शुरू हो जाता था खेल, 5 गिरफ्तार
इस पूरे मामले में सोशल मीडिया पोस्ट से मिले अलर्ट और पुलिस की तत्काल कार्रवाई अहम रही। अगर अलर्ट मिलने के बाद पुलिस टीम को युवक तक पहुंचने में देर होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
पुलिस की तत्परता से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया और उसे परिवार के पास पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की गई। यह मामला दिखाता है कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की ओर से संकट से जुड़ी पोस्ट सामने आने पर समय रहते सूचना मिलने से उसकी मदद की जा सकती है।
Location : Barabanki
Published : 11 August 2026, 12:32 PM IST
Topics : barabanki news social media UP Police