तेज बारिश में पलभर में उजड़ गया परिवार, आमने-सामने भिड़े डंपर और कार; बाराबंकी में दर्दनाक हादसा

बाराबंकी में तेज बारिश के बीच बहराइच हाईवे पर ऐसा हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर दिया। डंपर और अल्टो की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की जान चली गई, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 25 August 2026, 3:48 PM IST
google-preferred

Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा चौराहे के पास बांदा-बहराइच रोड पर मौरंग से लदे एक डंपर ने ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, उनकी बेटी और बेटा शामिल हैं।

यूटर्न लेते ही डंपर से टकराई कार

बताया जा रहा है कि परिवार सुबह करीब 11:30 बजे ऑल्टो कार से लखनऊ की ओर जा रहा था। बिंदौरा चौराहे के पास परिवार रास्ता पूछने के लिए सड़क किनारे रुका था। इसी दौरान कार को वापस मोड़ने की कोशिश की गई। तभी लखनऊ से रामनगर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑल्टो का एक हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पांचों घायलों को एंबुलेंस की मदद से बड़ागांव सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मोहम्मद शरीफ, उनकी पत्नी तबस्सुम, बेटी रुसदा और बेटे उजैम को मृत घोषित कर दिया। परिवार की सबसे छोटी बेटी हुदा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।

ये भी पढ़ें- Sitapur News: असलहा फैक्ट्री का खुलासा, गिरफ्तारी और जेल… फिर 76 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर की अचानक मौत से हड़कंप

बड़ी बेटी को छोड़ने जा रहा था परिवार

मृतक मोहम्मद शरीफ करीब 50 साल के थे और श्रावस्ती के भिनगा में सरकारी शिक्षक के तौर पर काम करते थे। मूल रूप से वह बलरामपुर के रहने वाले थे। नौकरी के कारण उन्होंने भिनगा में ही परिवार के साथ रहने के लिए घर बना लिया था। परिजनों के मुताबिक, बड़ी बेटी रुसदा कुछ दिन पहले घर आई थी। मंगलवार को शरीफ और उनकी पत्नी उसे लखनऊ छोड़ने जा रहे थे। वहां उन्हें अपना नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी कराना था। बेटा उजैम और 7 साल की हुदा भी साथ चलने की जिद करने लगे, जिसके बाद पांचों एक ही कार में निकल पड़े।

चार मौतों के बाद परिवार में मातम

परिवार के अनुसार, शरीफ के चार बेटे और दो बेटियां हैं। दो बेटे लखनऊ में पढ़ाई करते हैं, जबकि एक बेटा गोंडा में पढ़ रहा है। उजैम और छोटी बेटी हुदा अपने माता-पिता के साथ भिनगा में रहते थे। लखनऊ का सफर पूरा होने से पहले ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

ये भी पढ़ें- Amethi News: तीन दिन से लापता थी महिला, नदी के लकड़ी के पुल में फंसा मिला शव; मौत की गुत्थी ने चौंकाया

बच्ची की हालत पर डॉक्टरों की नजर

घायल हुदा का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने अस्पताल पहुंचकर बच्ची का हाल जाना। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। उधर, पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। डंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए घटना पर शोक जताया है।

Location :  Barabanki

Published :  25 August 2026, 12:55 PM IST

Advertisement