
नगर पालिका क्षेत्र में डीजे की तेज आवाज पर पूर्ण प्रतिबंध (Img: Dynamite News)
Balrampur: जिले के डिवाइन पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत कक्षा दो की 12 वर्षीया छात्रा वैष्णवी तिवारी की कक्षा के भीतर अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से हुई असमय मौत के मामले ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। घटना के समय छात्रा अपनी सीट पर बैठकर सहपाठियों से बातचीत कर रही थी, तभी वह अचानक खड़ी हुई, लड़खड़ाई और जमीन पर गिर पड़ी।
शिक्षकों व स्वजनों द्वारा तत्काल उसे जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार छात्रा को मृत अवस्था में ही आपातकालीन विभाग लाया गया था और बिना पोस्टमार्टम के ही परिजन शव ले गए, जिससे चिकित्सीय कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। उधर पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए विद्यालय की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- Mirzapur News: ट्रेन में 6 साल के बच्चे के साथ पकड़ा गया युवक, GRP की तत्परता से टला बड़ा हादसा
विद्यालय प्रबंधन का दावा है कि घटना के समय परिसर के ठीक बाहर अत्यधिक तेज आवाज में डीजे के साथ जुलूस निकल रहा था, जिसकी भीषण ध्वनि के प्रभाव से छात्रा की तबीयत बिगड़ी। इस दर्दनाक घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' की अध्यक्षता में नगरपालिका सभागार में सर्व समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समाजों, वर्गों के प्रतिनिधियों, सभासदों एवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और तेज ध्वनि से उत्पन्न होने वाले जानलेवा दुष्प्रभावों पर गहन मंथन किया।
बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि डीजे की बेकाबू आवाज विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और हृदय रोगियों के लिए बेहद घातक सिद्ध हो रही है। नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और शांति सर्वोपरि है और किसी भी आयोजन में ध्वनि का स्तर ऐसा नहीं होना चाहिए जो जनजीवन के लिए खतरा बने।
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्व समाज की सहमति से नगर पालिका क्षेत्र में डीजे की तेज व तीव्र आवाज पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने इस फैसले का समर्थन करते हुए नगरवासियों व आयोजकों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर महंत बृजानंद जी महाराज, राजकुमार लाल श्रीवास्तव, डीपी सिंह बैस, हाजी नब्बन खां, सर्वेश सिंह, विजय अग्रवाल, प्रीतपाल सिंह सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Location : Balrampur
Published : 22 September 2026, 5:01 PM IST