भारत से चोरी, नेपाल में बिक्री! एक गिरफ्तारी ने खोल दिया सरहद पार का खेल

बलरामपुर पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के पास वाहन चेकिंग के दौरान नेपाल निवासी एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तीन दोपहिया वाहन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने सीमावर्ती जिलों से बाइक चोरी कर नेपाल में बेचने की बात कबूल की। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 24 July 2026, 5:15 PM IST

Balrampur: बलरामपुर जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके में पुलिस ने वाहन चोरी के एक सक्रिय नेटवर्क का खुलासा किया है। कोतवाली तुलसीपुर पुलिस नियमित गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गनवरिया तिराहे के पास एक युवक पुलिस के शक के घेरे में आ गया। रोककर पूछताछ की गई तो उसके जवाबों ने पुलिस को और सतर्क कर दिया।

तीन दोपहिया वाहन बरामद, दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान नेपाल के कपिलवस्तु जिले के निवासी सूरज के रूप में हुई। जब उससे उसके पास मौजूद मोटरसाइकिलों के कागजात मांगे गए तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में सामने आया कि बरामद तीन वाहनों में से दो पहले से चोरी के दर्ज थे, जबकि तीसरे वाहन के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

पूछताछ में खुला सरहद पार चोरी का खेल

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से बाइक चोरी करता था। इसके बाद इन वाहनों को भारत-नेपाल सीमा पार ले जाकर कम कीमत पर बेच दिया जाता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद एक बाइक अयोध्या से और दूसरी सिद्धार्थनगर के सोहरतगढ़ क्षेत्र से चोरी की गई थी।

CWG 2026: भारत को बड़ा झटका! रजत पदक विजेता तुलिका मान अचानक टीम से बाहर, वजह ने चौंकाया

पहले भी कई बाइक पहुंचा चुका था नेपाल

आरोपी ने यह भी बताया कि इससे पहले वह अपने गिरोह के साथ तुलसीपुर क्षेत्र से तीन अन्य मोटरसाइकिलें चोरी कर नेपाल में बेच चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पर पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था।

रोजी-रोटी पर संकट गहराया तो सड़कों पर उतरे लोग! जानिए रामनगर में फाटो और हाथीडंगर जोन को लेकर क्यों बढ़ा तनाव?

फरार साथियों की तलाश जारी

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में चौकी प्रभारी स्वतंत्र कुमार गुप्ता और उनकी टीम ने की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Location :  Balrampur

Published :  24 July 2026, 5:15 PM IST