बलरामपुर में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार! 2 सिपाही सस्पेंड, 2 दरोगाओं की जांच

बलरामपुर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई ने पूरे महकमे में हलचल मचा दी है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी और गांजा-भांग की बरामदगी के बीच दो सिपाहियों पर गाज गिरी, जबकि दो दरोगाओं की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 November 2026, 11:50 AM IST

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में गांजा और भांग बरामद की गई है। लेकिन इस कार्रवाई की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि नशे के कारोबार पर नजर रखने में नाकाम रहने वाले पुलिसकर्मी भी अब कार्रवाई की जद में आ गए हैं। दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो दरोगाओं के खिलाफ जांच शुरू होने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।

वीरविनय चौराहे पर पकड़ा गया पहला आरोपी

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली नगर और कोतवाली देहात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। कोतवाली नगर पुलिस ने वीरविनय चौराहे के पास संदीप शर्मा नाम के युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 56 पैकेटों में रखा 356 ग्राम गांजा और 97 गोलों में तैयार दो किलोग्राम से अधिक अवैध भांग बरामद हुई।

ये भी पढ़ें- Maharajganj: आठ महीने तक खुले आसमान के नीचे रही गर्भवती महिला, नवजात की मौत से उठे सवाल

पकड़ा गया आरोपी बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित लालापुरवा गांव का निवासी बताया गया है।

बेलहा मोड़ पर भी पुलिस की कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई में कोतवाली देहात पुलिस ने बेलहा मोड़ के पास ननकऊ सिंह को गिरफ्तार किया। वह स्थानीय निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से एक किलो 610 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस अब जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी है।

तस्करों के साथ पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा पुलिस विभाग के भीतर हुई कार्रवाई को लेकर है। इलाके में नशे के अवैध कारोबार की जानकारी जुटाने में नाकामी और ड्यूटी में लापरवाही को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने सख्त कदम उठाया।कोतवाली नगर में तैनात आरक्षी विनय प्रताप सिंह और कोतवाली देहात के आरक्षी ज्ञानेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- Maharajganj: महराजगंज में ढाई प्रतिशत कमीशन की चर्चा, लाखों रुपये के हिसाब का दावा

दो दरोगाओं की भूमिका भी जांच के घेरे में

कार्रवाई सिर्फ सिपाहियों तक सीमित नहीं रही। पूरबटोला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक किसलय मिश्रा और बेलहा मोड़ के हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक उदयभान सिंह के खिलाफ भी प्रारंभिक विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

Location :  Balrampur

Published :  2 November 2026, 11:50 AM IST