
गौ तस्करी का आरोपी घायल (Img- Dynamite News)
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गड़वार पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गौ तस्करी के एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रतसर भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 12:55 बजे गड़वार पुलिस शाहपुर नट बस्ती के पास नहर पुलिया पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौ तस्करी के मामले में वांछित आरोपी वहां मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान सुगनी नट (32) पुत्र अजीज नट उर्फ परशुराम नट, निवासी आलमपुर, थाना गड़वार, बलिया के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ आवारा गोवंश को वाहनों में लादकर वध के लिए बिहार ले जाने की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के साथियों और गौ तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Location : Ballia
Published : 17 October 2026, 8:53 AM IST