65 साल के रफीक बाबा की धूमधाम से निकली बारात, अनोखी शादी देखने के लिए सड़क पर उमड़ी भीड़

उत्तर प्रदेश के बहराइच में 65 वर्षीय रफीक उर्फ बाबा की दूसरी शादी चर्चा में है। पहली पत्नी के निधन के 14 महीने बाद उन्होंने निकाह किया। धूमधाम से बारात निकली और आतिशबाजी हुई। रफीक बाबा ने बताया कि अकेलेपन को दूर करने के लिए उन्होंने दोबारा शादी करने का फैसला लिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 31 October 2026, 9:29 AM IST

Bahraich: उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक ऐसी शादी चर्चा का विषय बन गई है, जिसे देखकर सड़क से गुजर रहे लोग भी रुक गए। यहां 65 वर्षीय रफीक उर्फ बाबा ने अपनी पहली पत्नी की मौत के 14 महीने बाद दूसरी शादी रचा ली। उनकी बारात धूमधाम से निकली और निकाह के बाद जमकर आतिशबाजी भी हुई। इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस शादी के पीछे की वजह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। चर्चा है कि दुल्हन की उम्र कोई 40 बता रहा है तो कोई 41 बता रहा है।

65 साल की उम्र में रफीक बाबा ने रचाया दूसरा निकाह

बहराइच के कोतवाली नगर क्षेत्र के बड़ीहाट मोहल्ले के मकबरा चौराहा निवासी रफीक उर्फ बाबा इन दिनों अपनी दूसरी शादी को लेकर चर्चा में हैं। जानकारी के मुताबिक, उनकी पहली पत्नी का निधन करीब 14 महीने पहले हो गया था। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। इतना ही नहीं, रफीक बाबा के नाती-पोते भी हैं।

इसके बावजूद उन्होंने 65 साल की उम्र में दोबारा शादी करने का फैसला लिया। गुरुवार को उन्होंने शहर के शेखदहीर मोहल्ले की रहने वाली एक युवती से निकाह किया। इस दौरान परिवार के सदस्य और कुछ करीबी लोग भी बारात में शामिल हुए।

धूमधाम से निकली बारात, हुई जमकर आतिशबाजी

रफीक बाबा की शादी किसी सामान्य पारिवारिक आयोजन की तरह नहीं हुई, बल्कि उनकी बारात पूरे धूमधाम से निकाली गई। बताया जा रहा है कि वह अपने दोनों बेटों और चुनिंदा बारातियों के साथ दुल्हन के घर पहुंचे थे। यहां स्थानीय काजी ने निकाह की रस्म पूरी कराई।

निकाह के बाद रफीक बाबा अपनी नई पत्नी को लेकर घर पहुंचे। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई। उम्र के इस पड़ाव पर उनकी शादी और बारात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस शादी को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

65 साल की उम्र में रफीक बाबा ने रचाया दूसरा निकाह (AI Images)

आखिर क्यों लिया दूसरी शादी करने का फैसला?

रफीक बाबा की दूसरी शादी के पीछे की वजह उनका अकेलापन बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पहली पत्नी के निधन के बाद उनके बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य उनके साथ थे, लेकिन जीवनसाथी की कमी उन्हें लगातार महसूस होती थी।

बताया जा रहा है कि अकेलेपन से परेशान होकर उन्होंने अपने परिवार के सामने दूसरी शादी करने की इच्छा जाहिर की थी। उनके बच्चों ने भी इस फैसले पर सहमति जताई। इसके बाद परिवार ने उनके लिए रिश्ता तलाशना शुरू किया और शेखदहीर मोहल्ले में रहने वाली महिला से उनका रिश्ता तय हो गया।

UP News Live Update: उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी खबर, एक ही जगह पढ़ें लाइव अपडेट

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ अनोखी शादी का वीडियो

65 वर्षीय रफीक बाबा की शादी की चर्चा अब बहराइच से निकलकर सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। बारात और निकाह से जुड़े वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। कोई उनकी शादी को लेकर हैरानी जता रहा है, तो कोई इसे जीवन के इस पड़ाव पर लिया गया उनका निजी फैसला बता रहा है।

रफीक बाबा का कहना है कि उन्होंने यह निकाह किसी शौक के लिए नहीं किया, बल्कि अकेलेपन को दूर करने और जिंदगी के बाकी दिन बेहतर तरीके से बिताने के लिए यह फैसला लिया है। फिलहाल उनकी दूसरी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Location :  Bahraich

Published :  31 October 2026, 9:29 AM IST