
घटना स्थल की फोटो (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नरैनी चौराहा के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव देखते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान रारेंट थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी शेरसिंह के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक शेरसिंह दो दिन पहले अपनी बहन से मिलने के लिए घर से निकला था। बहन का घर भी इसी क्षेत्र में बताया जा रहा है। सोमवार शाम शेरसिंह ने परिजनों से फोन पर बातचीत की थी और घर वापस आने की बात कही थी।
इसके बाद परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो सका। मंगलवार सुबह नरैनी चौराहे के पास ग्रामीणों ने उसका शव देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी गई।
सूचना मिलने पर उघैती थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और मृतक की पहचान कराई। अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और परिजनों के बयानों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।
शेरसिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि शेरसिंह परिवार का इकलौता कमाने वाला था। घटना के बाद गोविंदपुर गांव में भी मातम का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Budaun
Published : 12 August 2026, 1:28 PM IST
Topics : Budaun News crime news Ughaiti News