
ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला दो युवकों को
Badaun: बदायूं के उसैहत थाना क्षेत्र में कादरचौक मार्ग पर पक्के पुल के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर सवार तीनों युवक उसैहत की ओर जा रहे थे। तभी कादरचौक मार्ग पर पक्के पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिरे और ट्रॉली के पहियों की चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही उसैहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने गाड़िया हार्दोपट्टी निवासी पुरुषोत्तम 21 वर्ष पुत्र ऋषिपाल और फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना क्षेत्र के बझेड़ा गांव निवासी मुनीश 22 वर्ष पुत्र महिपाल को मृत घोषित कर दिया। तीसरा युवक नन्हे उर्फ श्याम सिंह 19 वर्ष पुत्र बहादुर, निवासी गाड़िया हार्दोपट्टी, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतक पुरुषोत्तम के पिता ऋषिपाल के घर बेटी की शादी थी। घर में मेहमानों का आना-जाना लगा था और शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। मुनीश अपनी ममेरी बहन की शादी में शामिल होने फर्रुखाबाद से गाड़िया आया था। हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। ढोल-नगाड़ों की जगह चीख-पुकार गूंजने लगी और खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
थाना उसैहत पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कादरचौक मार्ग पर ओवरलोड और तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आतंक है। रात के समय बिना लाइट के चलने वाले वाहन लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Location : Badaun
Published : 19 June 2026, 9:08 PM IST