
बदायूं सड़क हादसा
Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका नाना गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों दावत से लौटकर घर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, संभल जिले के गवां थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव निवासी प्रिंस (14) पुत्र राजेश्वर अपने स्कूल की छुट्टियों में कुछ दिन पहले बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र स्थित कटैया गांव में अपने नाना मैकू के घर आया था। बताया गया कि नाना मैकू अपने धेवते प्रिंस को बाइक पर बैठाकर बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव में दावत खाने गए थे। दावत से लौटते समय दोनों हादसे का शिकार हो गए।
चश्मदीदोें के अनुसार, बिल्सी थाना क्षेत्र के सतेती-वजीरगंज मार्ग पर हैबतपुर गांव के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्सी ले गए। जहां उपचार के दौरान 14 वर्षीय प्रिंस की मौत हो गई। वहीं उसके नाना मैकू का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों ने बताया कि प्रिंस कक्षा 10 का छात्र था और स्कूल की छुट्टियों में अपने नाना के घर आया हुआ था। उसकी अचानक मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में भी जुटी हुई है।
Location : Badaun
Published : 22 June 2026, 1:43 PM IST