
नेहा की संदिग्ध मौत (IMG: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज में 2 लाख रुपये नकद और एक भैंस की मांग पूरी नहीं होने पर 22 वर्षीय नेहा की पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद जब मायके वाले मौके पर पहुंचे तो घर में नेहा का शव पड़ा था, जबकि ससुराल पक्ष के लोग वहां मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने पति, ससुर, सास और ननद के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
मामला बदायूं जिले के मुजरिया थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, अलापुर थाना क्षेत्र के बिसारत नगर निवासी बृजराज ने अपनी 22 वर्षीय बेटी नेहा की शादी 8 मई 2026 को दरियापुर गांव निवासी उदयवीर के बेटे भुवनेश के साथ की थी। परिवार ने बेटी की शादी धूमधाम से की थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद उसकी मौत की खबर ने मायके वालों को झकझोर दिया।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद नेहा के ससुराल वाले लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, 2 लाख रुपये और भैंस की मांग पूरी नहीं होने के कारण नेहा को प्रताड़ित किया जाता था। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते नेहा की पिटाई की गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, ये आरोप फिलहाल मायके पक्ष की ओर से लगाए गए हैं।
बदायूं में जमीन के विवाद ने लिया खूनी रूप! दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, 10 घायल
परिजनों के मुताबिक, उन्हें किसी तरह घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे दरियापुर गांव पहुंचे। वहां नेहा का शव घर में पड़ा हुआ था। आरोप है कि उस समय ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौके पर मौजूद नहीं था। बेटी की हालत देखकर मायके वालों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
नेहा के पिता बृजराज ने मामले में पति भुवनेश, ससुर उदयवीर, सास विद्यादेवी और ननद सुमन के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय क्या परिस्थितियां थीं और मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों में क्या तथ्य सामने आते हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 21 October 2026, 12:38 PM IST
Topics : Budaun News Domestic Violence Allegation Dowry Death Allegation dowry harassment Uttar Pradesh crime news