आजमगढ़ में गोलियों की तड़तड़ाहट: खाकी की जवाबी कार्रवाई में ढेर हुआ गो-तस्कर, 2 साथी फरार

आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर संतोष यादव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 July 2026, 4:12 PM IST

Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात गो-तस्कर संतोष यादव के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम शुक्रवार सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध पुलिस टीम को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश की।

Azamgarh: सपा के जुझारू नेता आलमबदी आजमी का निधन; भावुक हुए अखिलेश यादव, बोले- ‘पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति’

जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान संतोष यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

वहीं, उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

24 जुलाई की गो-तस्करी की घटना से जुड़ा मामला

एसपी ग्रामीण चिराग जैन के अनुसार, 24 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि गोवंशीय पशुओं को कथित तौर पर वध के लिए ले जाया जा रहा है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन छोड़कर अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया। मौके से पांच गोवंशीय पशु और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान संतोष यादव समेत तीन आरोपियों के नाम सामने आए थे।

Azamgarh: सहायक उद्यान निरीक्षक गिरफ्तार, करता था ये गोरखधंधा

संतोष यादव पर दर्ज हैं करीब 12 मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संतोष यादव जहानागंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, गोहत्या, हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोपों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, संतोष यादव पर कुल करीब 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Location :  Azamgarh

Published :  31 July 2026, 4:12 PM IST