CM योगी के पास गई थी, वहीं से जमीन ले आ! अमरोहा में लेखपाल के इस जवाब के बाद जानिए किस मोड़ पर पहुंची बेबस मां की जंग

एक वीडियो सामने आया हाथ में जमीन के कागज थे और साथ में तीन मासूम बच्चे। महिला ने कैमरे के सामने जो कहा, उसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया। अब प्रशासन के सामने सवाल है कि आखिर महिला की शिकायत पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 September 2026, 3:17 PM IST

Amroha: उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा के हसनपुर तहसील क्षेत्र के छोटा माझरा आदमपुर गांव की रहने वाली सोमा पत्नी धर्मपाल ने जमीन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि करीब छह साल पहले उसने गाटा संख्या 2508 में जमीन खरीदी थी।

इसके बाद इसी जमीन पर मकान बनाकर वह अपने परिवार के साथ रह रही थी। सोमा का आरोप है कि गांव के ही तीन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे उसके घर से बाहर निकाल दिया। महिला का कहना है कि घटना के बाद से वह लगातार न्याय के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रही है।

अधिकारियों के दफ्तर के चक्कर लगाने का दावा

पीड़िता के मुताबिक, उसने अपनी जमीन से जुड़े दस्तावेज लेकर जिलाधिकारी, एसडीएम और लेखपाल से शिकायत की। इसके अलावा वह अपनी समस्या लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय तक भी कई बार पहुंच चुकी है। महिला का दावा है कि वह करीब 8 से 9 बार मुख्यमंत्री कार्यालय जा चुकी है। इसके बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

सोमा का कहना है कि हर जगह शिकायत करने और दस्तावेज दिखाने के बाद भी उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है। उसका आरोप है कि लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद उसकी जमीन से जुड़ी समस्या जस की तस बनी हुई है।

ये भी पढ़ें: Amroha News: लापता किसान का जंगल में मिला शव, निर्मम हत्या की आशंका से इलाके में कोहराम

लेखपाल पर भी लगाया आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि लखनऊ से वापस आने के बाद जब वह लेखपाल के पास पहुंची तो उससे कथित तौर पर कहा गया कि अगर वह मुख्यमंत्री योगी के पास गई थी, तो वहीं से जमीन ले आए। महिला के अनुसार, इस तरह की प्रतिक्रिया से वह बेहद परेशान हो गई। इसके बाद उसने अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

वीडियो में बच्चों के साथ कही आत्महत्या की बात

सोमा द्वारा बनाए गए वीडियो में वह अपने तीन बच्चों के साथ दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला अपने पास मौजूद जमीन के कागज भी दिखाती नजर आ रही है। महिला ने आरोप लगाया कि उसे लगातार परेशान किया जा रहा है और उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही।

वीडियो में उसने कहा कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह अपने तीन बच्चों के साथ आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर हो जाएगी। महिला की इस बात के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, जमीन को लेकर लगाए गए आरोपों और वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

ये भी पढ़ें: Amroha Accident: अनियंत्रित डंपर मंदिर में घुसा, रामायण पाठ के दौरान 3 की मौत, कई घायल

एसडीएम ने जांच की बात कही

मामले को लेकर हसनपुर के एसडीएम हिमांशु उपाध्याय का कहना है कि महिला की जमीन से जुड़ा मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में है। अब देखना होगा कि प्रशासन की जांच में जमीन को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़ित महिला की शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Location :  Amroha

Published :  19 September 2026, 3:17 PM IST