
चौखट पर रातभर बैठी रही नताशा (IMG: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में एक विवाहिता को अपनी शादी की पहली सालगिरह पर ऐसा दर्दनाक अनुभव झेलना पड़ा, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। जिस दिन वह अपने पति के साथ शादी की सालगिरह मनाने और नए जीवन की खुशियां साझा करने की उम्मीद लेकर ससुराल पहुंची थी, उसी दिन उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि सास-ससुर ने उसके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की, फिर घर के दरवाजे पर ताला लगाकर पूरा परिवार वहां से गायब हो गया। इसके बाद नताशा पूरी रात अपने ससुराल की चौखट पर बैठकर न्याय की गुहार लगाती रही।
मामला मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। किनौनी गांव के एक किसान परिवार की बेटी नताशा की शादी करीब एक साल पहले यश शर्मा के साथ धूमधाम से हुई थी। बताया जा रहा है कि यश शर्मा नोएडा में नौकरी करते हैं। नताशा का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में पत्नी और बहू का सम्मान नहीं मिला। ससुराल पक्ष के लोग लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे। इसी वजह से उसे कई बार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया। हालात ऐसे हो गए कि शादी के एक साल के भीतर करीब चार महीने तक उसे अपने मायके में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।
नताशा का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद सास-ससुर और परिवार के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद मकान पर ताला लगा दिया गया और ससुराल पक्ष के लोग वहां से चले गए। पीड़िता का कहना है कि वह रातभर घर के बाहर बैठी रही। उसने कई बार ससुराल वालों को फोन किया, लेकिन किसी का फोन नहीं उठा। पुलिस की ओर से संपर्क करने की कोशिश किए जाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।
विवाहिता के पूरी रात घर के बाहर बैठे रहने की जानकारी जब उसके मायके पक्ष और किसान यूनियन के लोगों को मिली तो बुधवार सुबह मौके पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता नताशा और उसके परिजनों के समर्थन में ससुराल पहुंच गए। इसके बाद ससुराल के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मांग की कि विवाहिता को न्याय दिलाया जाए और उसके साथ कथित उत्पीड़न करने वाले लोगों को सामने लाया जाए।
चौखट पर रातभर बैठी रही नताशा (IMG: Dynamite News)
किसान यूनियन के पदाधिकारी अनुपम शर्मा ने बताया कि नताशा मंगलवार शाम करीब सात बजे से ससुराल के बाहर बैठी हुई थी। उनका कहना है कि विवाहिता ने खाना-पीना भी छोड़ दिया था और मानसिक तनाव में थी। अनुपम शर्मा के मुताबिक, नताशा ने न्याय नहीं मिलने की स्थिति में आत्मदाह जैसा कदम उठाने की बात भी कही थी। इस बात को गंभीर बताते हुए किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
धरने पर बैठी नताशा ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि मंगलवार को उसकी शादी की पहली सालगिरह थी। इसी वजह से उसे ससुराल बुलाया गया था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद सास-ससुर और परिवार के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। नताशा का कहना है कि इसके बाद परिवार के लोग मकान पर ताला लगाकर चले गए। वह पूरी रात घर के बाहर बैठी रही। उसने कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। पुलिस की ओर से फोन किए जाने पर भी ससुराल पक्ष की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
धरने और हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और ससुराल पक्ष के लोगों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उनके फोन बंद बताए गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। बताया गया है कि खबर लिखे जाने तक पीड़िता या उसके परिजनों की ओर से पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई थी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 25 November 2026, 5:28 PM IST
Topics : Domestic Violence dowry harassment Indian Farmer Union muzaffarnagar news Uttar Pradesh News