
वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद (IMG: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया में दुर्गा मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक परिवार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मंदिर समिति के 10 से 15 सदस्यों ने परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों, बेल्ट और लात-घूंसों से हमला कर दिया। पीड़ित ने अपने भतीजे का सिर फोड़ने, परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ करने के साथ ही जातिसूचक अपशब्द कहने का भी आरोप लगाया है।
मामला देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित श्री दुर्गा शक्ति पीठ अहिल्यापुर, अहिलवार बुजुर्ग का बताया जा रहा है। पीड़ित पंकज कुमार गोंड के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह अपने परिवार के सदस्यों, भाभी और भतीजे के साथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे थे। पंकज का आरोप है कि मंदिर परिसर में वाहन खड़ा करने को लेकर उनकी मंदिर समिति के एक सदस्य से बातचीत हुई। इसी दौरान कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। पीड़ित के मुताबिक, इसके बाद मंदिर समिति के करीब 10 से 15 सदस्य एकजुट हो गए और उनके तथा उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट करने लगे।
पंकज कुमार गोंड का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके भतीजे के सिर पर हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। उन्होंने परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ किए जाने का भी दावा किया है। पीड़ित के मुताबिक, विवाद के दौरान उनके लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के लोगों से ऐसी बातें कही गईं, जिनसे उन्हें मंदिर में दर्शन करने का अधिकार नहीं होने का संकेत मिलता था।
पीड़ित ने शिकायत में घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पंकज का कहना है कि घटना के समय पुलिसकर्मी मनोज कुमार उपाध्याय और दो अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। उनका आरोप है कि परिवार की महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें तत्काल प्रभावी सहायता नहीं मिली। इसके बाद पंकज ने आपातकालीन पुलिस सेवा 112 पर फोन करके घटना की सूचना दी।
साइबर ठगी के बाद खाते में लौटे ₹10,133, देवरिया की खामपार पुलिस ने पीड़ित को दिलाई राहत
घटना के बाद पंकज कुमार गोंड ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और घायल भतीजे का चिकित्सीय परीक्षण कराने की मांग उठाई है। इसके साथ ही पीड़ित ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने और उसे जांच में शामिल करने की अपील की है।
Location : Deoria
Published : 20 October 2026, 12:19 PM IST