Agra: 140 की रफ्तार, फिर डिवाइडर से टक्कर और कई पलटियां, 30 फीट खाई में गिरे 3 लोगों की मौत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार का भीषण हादसा हो गया। दिल्ली से बलिया जा रही कार करीब 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटी। पीछे बैठे तीन लोग कार से बाहर निकलकर गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में उनकी मौत हो गई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 26 September 2026, 10:18 AM IST

Agra: आगरा के डौकी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा हुआ। दिल्ली से पांच लोग कार में सवार होकर बलिया जा रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे उनकी कार एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 15.400 के पास पहुंची।

पुलिस के अनुसार, उस समय कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर से जा टकराई।

कई बार पलटी कार, खाई में जा गिरे तीन लोग

डिवाइडर से टकराने के बाद कार कई बार पलट गई। हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर यह रही कि पीछे की सीट पर बैठे तीन लोग कार से बाहर निकलकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरे।

खाई के नीचे पत्थर होने के कारण तीनों गंभीर रूप से घायल हुए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चालक समेत दो लोग घायल

हादसे में कार चालक और आगे की सीट पर बैठा एक अन्य युवक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डौकी पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची।

टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Manmohan Singh Birth Anniversary: डॉ. मनमोहन सिंह के फैसलों ने कैसे बदली भारत की आर्थिक दिशा

दिल्ली से बलिया जा रहे थे पांचों लोग

पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी पांच लोग दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे दिल्ली से बलिया की ओर जा रहे थे। रास्ते में यह हादसा हुआ।

पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार के दौरान चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले में जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने क्या बताया?

डौकी थानाध्यक्ष सुनीत कुमार शर्मा ने बताया कि कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटी थी। पीछे बैठे तीन लोग कार से बाहर निकलकर पत्थरों पर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। दो घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

Location :  Agra

Published :  26 September 2026, 10:18 AM IST