Agra: कब्र खोदते ही सामने आया बड़ा सच, NHAI ने जमीन को बताया अपनी; परिवार ने किया 3 बीघे का दावा

आगरा के किरावली में आगरा-जयपुर हाईवे किनारे शव दफनाने को लेकर विवाद हो गया। NHAI टीम ने जमीन को अपनी संपत्ति बताया, जबकि मृतक के परिजनों ने करीब तीन बीघा जमीन पर अपना दावा किया। पुलिस और NHAI के सर्वे के बाद शव को पहले से बने कब्रिस्तान में दफनाया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 September 2026, 11:57 AM IST

Agra: आगरा के किरावली कस्बे में आगरा-जयपुर हाईवे किनारे शव दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बहेड़ी मुस्लिम मोहल्ला निवासी 70 वर्षीय दर्जी लतीफ उर्फ शराफत हुसैन की बुधवार दोपहर मौत के बाद परिजन और मुस्लिम समाज के लोग गांव अभुआपुरा के पास सैय्यद की मजार के निकट शव दफनाने पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर विरोध शुरू हो गया।

कब्र खोदने को लेकर हुआ विवाद

बुधवार रात करीब आठ बजे मुस्लिम समाज के लोग शव को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए मौके पर कब्र खोद रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने जमीन को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संपत्ति बताते हुए कब्र खोदने का विरोध किया। विवाद की सूचना मिलते ही करीब एक दर्जन लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मुस्लिम पक्ष के करीब 60 लोग भी वहां पहुंच गए, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।

पुलिस के साथ पहुंची NHAI की टीम

मामले की सूचना मिलने पर किरावली थानाध्यक्ष मदन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कोरई टोल प्लाजा से NHAI की टीम भी मौके पर पहुंची। NHAI के सुपरवाइजर नरेंद्र सिंह ने बताया कि हाईवे के डिवाइडर से 65 मीटर तक की जमीन प्राधिकरण के अधीन है। उन्होंने मौके पर बने नाले को भी सरकारी जमीन पर बताया।

टोल मैनेजर जगमोहन गौतम ने भी दावा किया कि मुस्लिम पक्ष ने NHAI की जमीन पर शव दफनाया है। इस संबंध में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में मीडिया पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराए जाने की बात कही गई है।

परिजनों ने बताया अपनी जमीन

दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने मौके पर करीब तीन बीघा जमीन अपनी होने का दावा किया। उनका कहना है कि वहां पहले से ही कब्रें बनी हुई हैं। परिजनों के अनुसार, थाना प्रभारी के निर्देश पर तय स्थान से कुछ पीछे गड्ढा खोदकर शव को दफनाया गया।

‘नक्शा बदला, बस्तियां मलबे में दफन’ नेपाल की प्रलयकारी बाढ़ में 70 अमेरिकी लापता, वॉशिंगटन में मचा हड़कंप

पुलिस ने बताया, अब स्थिति सामान्य

एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और NHAI टीम के निर्देशन में जमीन का सर्वे कराया गया। इसके बाद परिजन द्वारा पहले से बने कब्रिस्तान में ही शव दफनाया गया। पुलिस के मुताबिक फिलहाल मौके पर शांति है और कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

Location :  Agra

Published :  11 September 2026, 11:57 AM IST