बारात लेकर निकला था दूल्हा, रास्ते में हो गया बवाल, 25 लोगों पर हमले का आरोप; गांव में मचा हड़कंप

आगरा में एक बारात के दौरान ऐसा विवाद हुआ, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी। डीजे बंद कराने को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि दूल्हे और उसके परिवार को निशाना बनाया गया, साथ ही डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर से अभद्रता की बात भी सामने आई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 November 2026, 2:13 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक शादी समारोह उस वक्त तनाव में बदल गया, जब बारात चढ़ने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दूल्हे और उसके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि 20 से 25 लोगों ने बारात पर हमला किया और बारात में लगी बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर के साथ भी अभद्रता की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

डीजे बंद कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद

यह पूरा मामला आगरा के जगनेर थाना क्षेत्र के नगला वीरभान गांव का है। जानकारी के मुताबिक, दलित समाज के एक युवक की बारात गांव में चढ़ रही थी। इसी दौरान डीजे बंद कराने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में विवाद मामूली बताया जा रहा था, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया। आरोप है कि करीब 20 से 25 लोग मौके पर पहुंच गए और बारात में शामिल लोगों के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान दूल्हे और उसके परिवार के सदस्यों को भी निशाना बनाए जाने का आरोप है।

ये भी पढ़ें- Budaun News: एंबुलेंस का सायरन बजता रहा, बाराती नाचते रहे, जाम में फंसी मरीज ने रास्ते में तोड़ा दम

बाबा साहब की तस्वीर से अभद्रता का आरोप

इस घटना को लेकर एक और गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बारात में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लगाई गई थी, जिसके साथ आरोपियों ने अभद्रता की।इसके अलावा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।घटना के बाद गांव में किसी तरह का तनाव न बढ़े, इसके लिए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

ये भी पढ़ें- ट्रैफिक जाम से परेशान कासगंज के सहावर को बड़ी राहत, करोड़ों के बाईपास के लिए पहली किस्त मंजूर

पुलिस बोली- गांव में शांति, आगे की कार्रवाई जारी

अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने बताया कि गांव में फिलहाल शांति है और कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Location :  Agra

Published :  28 November 2026, 2:13 PM IST