हत्या के 15 घंटे बाद सामने आया कातिल का चेहरा, मर्डर के पीछे था अपना ही; आगरा से दिल दहला देने वाला मामला

आगरा के अछनेरा में साधु धर्मवीर की हत्या का पुलिस ने 15 घंटे में खुलासा किया है। जांच में उनके सगे भतीजे समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस के मुताबिक, 12 लाख रुपये और संपत्ति को लेकर हत्या की साजिश रची गई। आरोपियों से सिलबट्टा, ईंट, गमछा और कपड़े बरामद हुए हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 27 September 2026, 12:36 PM IST

Agra: आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव सहाई में साधु धर्मवीर की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 15 घंटे में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि धर्मवीर की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके सगे भतीजे ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घर में मिला था साधु का रक्तरंजित शव

शुक्रवार सुबह धर्मवीर अपने पशुओं को चारा डालने नहीं पहुंचे तो दूसरे भतीजे सौरभ को चिंता हुई। वह धर्मवीर के घर पहुंचा, जहां अंदर उनका रक्तरंजित शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

धर्मवीर अविवाहित थे और चार भाइयों में सबसे छोटे थे। पुलिस के मुताबिक, कुछ समय पहले उन्होंने करीब 400 गज का प्लॉट बेचा था। इस प्लॉट से उन्हें 12 लाख रुपये मिले थे। इसके बाद वह साधु जीवन व्यतीत कर रहे थे और पंचायत चुनाव लड़ने की चर्चा भी थी।

रात में अचानक भरभराकर गिरा मकान: कानपुर देहात में मां-बेटी की दर्दनाक मौत, मलबे में दबे मिले दोनों

12 लाख रुपये से जुड़ा था हत्या का राज

पुलिस के अनुसार, धर्मवीर के भतीजे दुष्यंत उर्फ मलिंगा को आशंका थी कि वह अपनी संपत्ति और प्लॉट से मिली रकम को खर्च कर देंगे। इसी लालच में दुष्यंत ने धर्मवीर की हत्या की साजिश रची।

इस काम में उसने हाथरस के गढ़ी अंछा, सादाबाद निवासी शिवा और गांव के ही यश सोलंकी को शामिल किया। पुलिस के मुताबिक, यश ने धर्मवीर के घर पर होने की जानकारी दी। इसके बाद दुष्यंत और शिवा पीछे की दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए।

सिलबट्टे और ईंट से किया हमला

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बाड़े में धर्मवीर के सिर पर सिलबट्टे और ईंट से वार किया। इसके बाद गमछे से उनका गला घोंटने की कोशिश की गई। आरोपियों ने उन्हें घसीटकर कमरे में पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक, घर में नकदी नहीं मिलने पर आरोपियों ने खून से सने कपड़े और चप्पल उतार लिए। इन्हें गमछे में बांधकर गांव के बाहर झाड़ियों में छिपा दिया गया। वहीं हत्या में इस्तेमाल ईंट और सिलबट्टा घर में ही छिपा दिए गए।

कानपुर में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौत, एक गंभीर; मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा

तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी

हत्या के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने दुष्यंत, शिवा और यश सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सिलबट्टा, ईंट, गमछा और खून से सने कपड़े बरामद किए गए।

डीसीपी पश्चिम आदित्य के अनुसार, पुलिस ने मामले में जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आई पूरी साजिश

पुलिस के अनुसार, हत्या की पूरी साजिश संपत्ति और रकम से जुड़ी आशंका के चलते रची गई थी। करीबी रिश्तेदार के शामिल होने से मामला और गंभीर हो गया। फिलहाल पुलिस बरामद साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Location :  Agra

Published :  27 September 2026, 12:36 PM IST