ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर क्या इतनी सस्ती है बाइक चालकों की जिंदगी?

गाजियाबाद के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 2:16 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर लगते ही युवक सड़क पर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

दुहाई से बागपत की ओर जा रहा था युवक

मृतक की पहचान अजीम अंसारी पुत्र मुशीर निवासी गली नंबर-10 इन्द्रापुरी लक्ष्मी गार्डन लोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजीम अपनी बाइक से दुहाई की तरफ से बागपत की ओर जा रहा था। जब वह मिलक चाकरपुर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर हुई युवक की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से हुआ है।

परिवार में मचा कोहराम

अजीम अंसारी की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने एक्सप्रेसवे पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर चिंता जताई है और पुलिस प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।

Location :  Ghaziabad

Published :  16 May 2026, 2:16 PM IST