Share Market: सन फार्मा की मेगा डील से शेयरों में जबरदस्त तेजी, जानिए दुनिया की शीर्ष दवा कंपनियों में क्या होगा स्थान

सन फार्मा ने 11.75 अरब डॉलर में ऑर्गेनॉन के अधिग्रहण का ऐलान किया है, जिससे कंपनी की वैश्विक मौजूदगी मजबूत होगी। इस नकद डील के बाद शेयरों में 5% उछाल आया और कंपनी महिला स्वास्थ्य व बायोसिमिलर बाजार में बड़ी ताकत बनकर उभरेगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 April 2026, 3:40 PM IST

New Delhi: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज ने एक बड़ी वैश्विक डील का ऐलान किया है, जिसके तहत वह अमेरिकी हेल्थकेयर कंपनी ऑर्गेनॉन एंड कंपनी का अधिग्रहण करेगी। इस खबर के सामने आते ही सोमवार को बाजार खुलते ही सन फार्मा के शेयरों में 5 प्रतिशत से अधिक की तेज बढ़त देखने को मिली।

पूरी तरह नकद सौदा, 14 डॉलर प्रति शेयर कीमत

कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह अधिग्रहण पूरी तरह नकद सौदे में किया जाएगा। सन फार्मा ऑर्गेनॉन के सभी बकाया शेयर 14 डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर खरीदेगी। इस डील का कुल एंटरप्राइज वैल्यूएशन 11.75 अरब डॉलर तय किया गया है, जो भारतीय कंपनियों के सबसे बड़े विदेशी अधिग्रहणों में से एक माना जा रहा है।

Share Market: शेयर बाजार में जोरदार शुरुआत, सेंसेक्स 600 अंक चढ़ा, निफ्टी ने पार किया अहम स्तर

वैश्विक स्तर पर मजबूत होगी पकड़

इस अधिग्रहण के पूरा होने के बाद सन फार्मा का संयुक्त राजस्व 12.4 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। इससे कंपनी दुनिया की शीर्ष 25 दवा कंपनियों में शामिल हो सकती है। साथ ही, स्थापित ब्रांड और ब्रांडेड जेनेरिक दवाओं के क्षेत्र में कंपनी की स्थिति और मजबूत होगी।

ऑर्गेनॉन का प्रोफाइल और वैश्विक मौजूदगी

ऑर्गेनॉन एक वैश्विक हेल्थकेयर कंपनी है, जो 2021 में मर्क से अलग होकर बनी थी। कंपनी के पास यूरोपीय संघ और उभरते बाजारों में छह विनिर्माण संयंत्र हैं। इसके उत्पाद 140 देशों में बेचे जाते हैं और अमेरिका, यूरोप, चीन, कनाडा तथा ब्राजील इसके प्रमुख बाजार हैं।
महिला स्वास्थ्य और सामान्य दवाओं के क्षेत्र में ऑर्गेनॉन के पास 70 से अधिक उत्पादों का पोर्टफोलियो है, जिसमें बायोसिमिलर भी शामिल हैं।

महिला स्वास्थ्य और बायोसिमिलर में बड़ी छलांग

इस सौदे के बाद सन फार्मा वैश्विक महिला स्वास्थ्य क्षेत्र में शीर्ष तीन कंपनियों में शामिल हो जाएगी। साथ ही, बायोसिमिलर क्षेत्र में यह सातवीं सबसे बड़ी कंपनी बन जाएगी। अधिग्रहण के बाद कंपनी की मौजूदगी 150 देशों में होगी और 18 बड़े बाजार ऐसे होंगे जहां प्रत्येक से 100 मिलियन डॉलर से अधिक का राजस्व प्राप्त होगा।

वैल्यू क्रिएशन और तालमेल के अवसर

कंपनी के निवेशक प्रस्तुतीकरण के अनुसार, इस संयुक्त कारोबार से कई तरह के वैल्यू क्रिएशन के अवसर मिलेंगे। अनुमान है कि अगले 2 से 4 वर्षों में 350 मिलियन डॉलर से अधिक का संभावित तालमेल लाभ हासिल किया जा सकता है।

Share Market: शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, नीचे फिसला सेंसेक्स और निफ्टी; इन शेयरों ने बढ़ाया दबाव

वित्तीय स्थिति और कर्ज का पहलू

31 दिसंबर 2025 को समाप्त वर्ष में ऑर्गेनॉन का राजस्व 6.2 अरब डॉलर रहा, जबकि समायोजित EBITDA 1.9 अरब डॉलर था। कंपनी पर 8.6 अरब डॉलर का कर्ज है और उसके पास 574 मिलियन डॉलर की नकदी उपलब्ध है। हाल ही में एक उत्पाद की बिक्री से उसे 440 मिलियन डॉलर की अग्रिम राशि मिली है, जिससे उसकी नकदी स्थिति और मजबूत हुई है।

ऐतिहासिक विदेशी अधिग्रहणों में शामिल

यह सौदा भारतीय कंपनियों के बड़े विदेशी अधिग्रहणों की सूची में शामिल होगा। इससे पहले 2007 में टाटा स्टील ने कोरस का 12 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया था, जबकि 2010 में भारती एयरटेल ने जैन टेलीकॉम के अफ्रीकी कारोबार को 10.7 अरब डॉलर में खरीदा था।

प्रबंधन की प्रतिक्रिया

सन फार्मा के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी ने कहा कि यह अधिग्रहण कंपनी के 'लोगों तक पहुंचने और जीवन को छूने' के विजन को आगे बढ़ाने का बड़ा अवसर है। वहीं, ऑर्गेनॉन की कार्यकारी अध्यक्ष कैरी कॉक्स ने इसे शेयरधारकों के लिए आकर्षक और त्वरित मूल्य प्रदान करने वाला सौदा बताया।

2027 तक पूरा होने की उम्मीद

दोनों कंपनियों के निदेशक मंडलों ने इस डील को मंजूरी दे दी है। आवश्यक नियामकीय और शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद इस सौदे के 2027 की शुरुआत तक पूरा होने की उम्मीद है।

Location :  New Delhi

Published :  27 April 2026, 3:40 PM IST