
बजट सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन (Img- X)
New Delhi: संसद का बजट सत्र आज 28 जनवरी से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए की। अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति ने सरकार की उपलब्धियों, नीतिगत सुधारों और भविष्य की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। यह बजट सत्र दो चरणों में आयोजित होगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मिशन मोड में चलाए गए अभियानों के चलते जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव हो सकी है। साथ ही, वंचित और पिछड़े क्षेत्रों के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया।
राष्ट्रपति ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। जीएसटी को ऐतिहासिक सुधार बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे कर प्रणाली सरल हुई और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला। भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जो आने वाले वर्षों में देश को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाएगा।
अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति ने किसानों की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत पर पूरे देश का जीवन निर्भर है। किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत से किसानों को सीधा लाभ मिला है। ग्रामीण विकास को गति देने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं और 125 दिनों की रोजगार गारंटी का प्रावधान किया गया है।
Budget Session 2026: आज से संसद का बजट सत्र शुरू, 1 फरवरी को आएगा आम बजट, इन मुद्दों पर होगी चर्चा
संसद के बजट सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के महान पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और भारत रत्न भूपेन हजारिका की जयंती के आयोजनों का उल्लेख किया। राष्ट्रपति ने कहा कि इन आयोजनों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को और मजबूत किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि जब देश अपने महान पूर्वजों के योगदान को याद करता है, तो इससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इतिहास से मिलने वाली यह प्रेरणा विकसित भारत की दिशा में देश की यात्रा को और तेज करती है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला प्रयास बताया।
बजट सत्र 2026 (Img- Internet)
अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति ने आयकर कानून में किए गए बड़े बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब 12 लाख रुपये तक की आय को कर से मुक्त कर दिया गया है, जो एक ऐतिहासिक निर्णय है। इस सुधार से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को अभूतपूर्व राहत मिली है और इससे देश की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक देश बन चुका है। यह उपलब्धि ब्लू इकोनॉमी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि तटीय क्षेत्रों और मछुआरा समुदाय के लिए यह बड़ी सफलता है।
राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि दूध उत्पादन के क्षेत्र में भारत विश्व का सबसे सफल देश है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सहकारी आंदोलन की मजबूती और किसानों की मेहनत का परिणाम है। राष्ट्रपति ने इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया।
Budget Session 2026: बजट सत्र से पहले सरकार ने 27 जनवरी को बुलाई सर्वदलीय बैठक, जानिये पूरा अपडेट
राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद अब 1 फरवरी को सुबह 11 बजे वित्त मंत्री आम बजट पेश करेंगी। इस सत्र के दौरान सरकार कई अहम विधेयक संसद में पेश कर सकती है, जबकि विपक्ष आर्थिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।
Location : New Delhi
Published : 28 January 2026, 11:52 AM IST
Topics : Budget Session 2026 Indian Parliament Parliament News President Droupadi Murmu Union Budget 2026