प्रीमियम पेट्रोल महंगा, इंडस्ट्रियल डीजल में बड़ी बढ़ोतरी; जानिए दिल्ली समेत प्रमुख शहरों के नए ईंधन रेट

प्रीमियम पेट्रोल और औद्योगिक डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है जबकि रेगुलर पेट्रोल स्थिर रहा है सरकार ने स्पष्ट किया कि इसका असर आम उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ेगा कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव से प्रभावित हैं

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 20 March 2026, 4:11 PM IST

New Delhi: देश में ईंधन की कीमतों को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। 20 मार्च 2026 से प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी लागू कर दी गई है। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने अपने प्रीमियम फ्यूल की दरों में 2.09 रुपये से लेकर 2.35 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। वहीं इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में भी भारी इजाफा दर्ज किया गया है।

प्रीमियम पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी

तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार BPCL का ‘स्पीड’, HPCL का ‘पावर’ और IOCL का ‘XP95’ प्रीमियम पेट्रोल अब पहले से महंगा हो गया है। यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और उत्पादन लागत में वृद्धि के कारण की गई है। नई दरें लागू होने के बाद प्रीमियम पेट्रोल के उपयोगकर्ताओं को प्रति लीटर अधिक भुगतान करना होगा।

रेगुलर पेट्रोल के दाम स्थिर

आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि रेगुलर पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि यह बढ़ोतरी केवल प्रीमियम ईंधन तक सीमित है, जो कुल पेट्रोल खपत का केवल 2 से 4 प्रतिशत हिस्सा है। इसलिए इसका सीधा असर आम वाहन चालकों पर नहीं पड़ेगा।

पेट्रोल पंप पर मिलावटी ईंधन डालने से स्कूटी हुई खराब, मैनपुरी में बवाल; पढ़ें पूरी खबर

सरकार का बयान

मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग एवं तेल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें बाजार आधारित प्रणाली के तहत तय होती हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल रेगुलर पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर हैं और केवल प्रीमियम फ्यूल में ही संशोधन किया गया है।

औद्योगिक डीजल हुआ महंगा

प्रीमियम पेट्रोल के साथ-साथ इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में भी 22.02 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस बढ़ोतरी का असर औद्योगिक उत्पादन, परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र पर पड़ सकता है, जिससे संचालन लागत बढ़ने की संभावना है।

प्रमुख शहरों में पेट्रोल के दाम

देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल की मौजूदा कीमतें अलग-अलग स्तर पर बनी हुई हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 103.54 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 105.45 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 100.84 रुपये प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है। हालांकि ये सभी दरें रेगुलर पेट्रोल की हैं और इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Petrol Diesel Price Today: जेब पर भारी या राहत की खबर? जानिए कहां है सबसे सस्ता और सबसे मंहगा ईंधन

बाजार और वैश्विक प्रभाव

विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, जिसका सीधा असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ता है। यदि वैश्विक बाजार में कीमतें और बढ़ती हैं तो आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल के दामों में और बदलाव संभव है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 20 March 2026, 4:11 PM IST