11 दिनों में 7.82 रुपये तक महंगा हुआ ईंधन: चुनाव खत्म होते ही चार बार बढ़े दाम, जानें आज आपके शहर में क्या है रेट

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की नरमी के बीच भारतीय तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रखे हैं। हालांकि, पिछले 11 दिनों में ईंधन के दाम 4 बार बढ़ चुके हैं, जिससे दिल्ली में पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.82 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है।

Post Published By: Komal Pandey
Updated : 29 May 2026, 12:50 PM IST

New Delhi: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों (Crude Oil Prices) में थोड़ी नरमी देखने को मिली है। इसके बावजूद, भारत में पेट्रोल और डीजल बेचने वाली सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी शुक्रवार, 29 मई 2026 को ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। इसका मतलब यह है कि आम जनता के लिए आज बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम जस के तस बने हुए हैं। राहत की बात सिर्फ इतनी है कि कीमतों में आज कोई नया इजाफा नहीं हुआ है, लेकिन पिछले दिनों हुई भारी बढ़ोतरी से आम आदमी की जेब पर बोझ पहले ही काफी बढ़ चुका है।

11 दिनों में चार बार बढ़े दाम, जनता बेहाल

देश में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद ही सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आग लगाना शुरू कर दिया था। पिछले महज 11 दिनों के भीतर ही कंपनियां चार बार कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर चुकी हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो इन 11 दिनों में ही दिल्ली में प्रति लीटर पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.82 रुपये महंगा हो चुका है। इससे पहले बीते सोमवार, 25 मई 2026 को आखिरी बार पेट्रोल के दामों में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी।

जानिए कब-कब लगी कीमतों में आग

सरकारी तेल कंपनियों ने इस बढ़ोतरी का सिलसिला 15 मई 2026 को शुरू किया था, जब पहली बार में ही पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 रुपये महंगा किया गया। इसके बाद कंपनियों ने 19 मई को दोबारा हमला बोलते हुए पेट्रोल पर 87 पैसे और डीजल पर 91 पैसे बढ़ा दिए। बढ़ोतरी का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, 23 मई को फिर से पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ और अंत में 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपये व डीजल 2.71 रुपये बढ़ा दिया गया। इस तरह चार किस्तों में ईंधन के दाम आसमान पर पहुंच गए।

संतकबीर नगर में पेट्रोल-डीजल संकट गहराया: 15 पेट्रोल पंप ड्राई, किसानों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी

चार बड़े महानगरों में ईंधन का नया गणित

तेल कंपनियों से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, देश के चार बड़े महानगरों में ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर हैं।

  • देश की राजधानी दिल्ली में इस समय पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है।
  • देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल का भाव 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है।
  • कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर है।
  • दक्षिण के प्रमुख महानगर चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है।

देश के अन्य प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के भाव

महानगरों के अलावा देश के अन्य हिस्सों में भी ईंधन की कीमतें काफी ऊंची हैं। उत्तर प्रदेश के नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 97.56 रुपये प्रति लीटर पर है, जबकि राजधानी लखनऊ में पेट्रोल 101.89 रुपये और डीजल 95.36 रुपये मिल रहा है। चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.51 रुपये और डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगी आग, मिडिल ईस्ट संकट के बीच आज फिर आम आदमी की जेब पर पड़ा बोझ, जानें आज के लेटेस्ट रेट

बिहार की राजधानी पटना में पेट्रोल का रेट 113.37 रुपये और डीजल 99.36 रुपये है, जबकि झारखंड के रांची में पेट्रोल 105.26 रुपये और डीजल 100.49 रुपये पर बिक रहा है। मध्य प्रदेश के भोपाल में कीमतें सबसे ज्यादा हैं, जहां पेट्रोल 114.57 रुपये और डीजल 99.64 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है।

Location :  New Delhi

Published :  29 May 2026, 11:55 AM IST