हिंदी
नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के दाम (Img- Internet)
New Delhi: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिली है। गुरुवार को ब्रेंट क्रूड और डब्ल्यूटीआई क्रूड दोनों में बढ़त दर्ज की गई। हालांकि इंडियन बास्केट क्रूड के दाम पिछले दो दिनों से स्थिर बने हुए हैं। इसके बावजूद वैश्विक बाजार में बढ़ती कीमतों ने पेट्रोलियम कंपनियों और उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी रहती है तो आने वाले दिनों में घरेलू ईंधन कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
सरकारी तेल कंपनियों ने गुरुवार, 4 जून 2026 को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया। देशभर में बीते 12 दिनों से ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। हालांकि इससे पहले विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद तेल कंपनियों ने 11 दिनों के भीतर चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ा था।
तेल कंपनियों ने सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल में 3 रुपये और डीजल में 3.29 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद 19 मई और 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे तथा डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा किया गया। वहीं 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ था। इन बढ़ोतरी के बाद कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गई हैं।
Petrol Diesel Price: पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, जानिए मुंबई समेत बड़े शहरों में आज क्या है कीमत
देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध है।
जानकारों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण सरकारी तेल कंपनियों को पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और जेट फ्यूल की बिक्री पर प्रतिदिन लगभग 750 करोड़ रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में कंपनियों पर कीमतों में संशोधन का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
गुरुवार सुबह ब्रेंट क्रूड करीब 1.89 फीसदी की तेजी के साथ 97.81 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.69 फीसदी बढ़कर 95.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। दूसरी ओर इंडियन बास्केट क्रूड का भाव 96.12 डॉलर प्रति बैरल पर स्थिर बना हुआ है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें और बढ़ती हैं तो आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में फिर वृद्धि देखने को मिल सकती है।
Location : New Delhi
Published : 4 June 2026, 8:37 AM IST