
लखनऊ में सोना हुआ सस्ता (सोर्स- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक सोने की चमक लगातार तीसरे दिन फीकी पड़ी है। वैश्विक बाजारों में डॉलर की मजबूती और मांग में आई सुस्ती के कारण सराफा बाजार में गिरावट का रुख है। एक दिन की स्थिरता के बाद लखनऊ और दिल्ली के बाजारों में पिछले तीन दिनों के भीतर 24 कैरट वाला 10 ग्राम सोना 1480 रुपये और 22 कैरट वाला सोना 1360 रुपये सस्ता हो गया है।
आज की बात करें तो लखनऊ और दिल्ली में 10 ग्राम 24 कैरट और 22 कैरट वाले सोने की कीमतों में 10 रुपये की मामूली राहत और दर्ज की गई है। इस गिरावट पर फेडरल रिजर्व की जून की मीटिंग के मिनट्स जारी होने से पहले निवेशकों की सतर्कता का भी साफ असर देखा जा रहा है।
सराफा बाजार द्वारा जारी नए रेट के मुताबिक, लखनऊ और दिल्ली में आज 24 कैरट शुद्धता वाले 10 ग्राम सोने की कीमत 1,45,400 रुपये है। वहीं, आभूषणों के लिए सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले 22 कैरट सोने का भाव 1,33,290 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।
इसके अलावा बजट फ्रेंडली 18 कैरट सोने की कीमत 1,09,080 रुपये तय की गई है। बिहार की राजधानी पटना और अहमदाबाद में 24 कैरट गोल्ड 1,45,300 रुपये के भाव पर है, जबकि मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में इसका रेट 1,45,250 रुपये चल रहा है। पूरे देश में सबसे महंगा सोना चेन्नई में बिक रहा है, जहां 24 कैरट का भाव 1,46,170 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
सोने के नक्शेकदम पर चलते हुए चांदी की कीमतों में भी नरमी का रुख देखा गया है। औद्योगिक इकाइयों (इंडस्ट्रीज) की ओर से मांग कमजोर होने के कारण चांदी भी एक दिन की स्थिरता के बाद आज 100 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई है।
इससे पहले 6 जुलाई को लगातार दो दिनों की स्थिरता के बाद चांदी 5000 रुपये की भारी गिरावट के साथ टूटी थी। आज दिल्ली में प्रति किलो चांदी का भाव 2,44,800 रुपये है, जबकि मुंबई और कोलकाता में यह 2,44,900 रुपये के भाव पर बिक रही है। चेन्नई में चांदी का भाव सबसे ज्यादा 2,49,900 रुपये प्रति किलोग्राम है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, निवेशक इस समय अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के मिनट्स जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, इसलिए बाजार में सावधानी बरती जा रही है। इसके साथ ही अमेरिका और ईरान के बीच होने वाले दूसरे दौर की बातचीत के नतीजे सोने की अगली चाल तय करेंगे।
वहीं शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह का मानना है कि कच्चे तेल (क्रूड) की कीमतों में आई हल्की तेजी ने इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड पर दबाव बनाया है। हालांकि, उनका कहना है कि अगर पश्चिमी एशिया में भू-राजनीतिक तनाव (Jiopolitical Tension) कम होता है, तो आगे चलकर सोने-चांदी की कीमतों पर इसका सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।
Location : New Delhi
Published : 8 July 2026, 9:48 AM IST