DN Exclusive : देवरिया सर्राफा बाजार के कारोबारियों में भारी आक्रोश, सरकार को कोसा

केंद्र सरकार द्वारा सोने पर लागू नए नियमों और सख्ती से देवरिया के सर्राफा कारोबारियों में भारी नाराजगी है। 'डाइनामाइट न्यूज़' की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, हीरा वर्मा और श्याम वर्मा सहित स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मंदी और कागजी औपचारिकताओं के कारण बाजार से ग्राहक गायब हैं। इससे शादियों के सीजन और छोटे व्यापारियों का धंधा चौपट होने की कगार पर है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 11:35 AM IST

Deoria: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा सोने की खरीद-बिक्री पर एक वर्ष के लिए लागू किए गए नए नियमों और बढ़ती सरकारी सख्ती के खिलाफ देवरिया के सर्राफा कारोबारियों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय व्यापारियों का साफ कहना है कि सरकार के इस अचानक फैसले से न केवल उनका व्यापार पूरी तरह चौपट होने की कगार पर पहुंच गया है, बल्कि इसका सीधा और नकारात्मक असर आम ग्राहकों पर भी पड़ रहा है।

बाजार में असमंजस, व्यापारियों ने बयां किया दर्द

गुरुवार को जब 'डाइनामाइट न्यूज़' की टीम देवरिया के मुख्य सर्राफा बाजार पहुंची, तो वहां सन्नाटा और चिंता का माहौल देखने को मिला। बाजार के प्रमुख व्यवसाई हीरा वर्मा और श्याम वर्मा ने इस नए नियम पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि इस नए फरमान के बाद से पूरे सर्राफा बाजार में केवल इसी बात की चर्चा और चिंता है। व्यापारियों के अनुसार, बाजार पहले से ही भीषण महंगाई और मंदी की मार झेल रहा था। ऐसे में सरकार के इस नए आदेश ने जलती पर तेल का काम किया है। कई छोटे स्वर्णकारों ने इसे अपने पेट पर लात मारने जैसा बताते हुए केंद्र सरकार से इस फैसले पर तुरंत पुनर्विचार करने की मांग की है।

शादी-विवाह के सीजन पर संकट के बादल

सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और व्यापारियों का मानना है कि सोने के व्यापार में पहले ही कागजी औपचारिकताएं (KYC और पैन कार्ड संबंधी कड़े नियम) इतनी बढ़ा दी गई थीं कि ग्राहक दुकान पर आने से कतराने लगे थे। अब इस नए एक साल के कड़े नियम ने रही-सही कसर भी पूरी कर दी है। उपभोक्ताओं पर इस फैसले से अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक दबाव बढ़ेगा। कारोबारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस नियम में ढील नहीं दी, तो आगामी शादी-विवाह के भारी सीजन में व्यापार पूरी तरह ठप हो जाएगा, जिससे सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान होगा।

Meta ग्लासेस को मिला नया सॉफ्टवेयर अपडेट, जल्द एंट्री मारेगा ‘म्यूज स्पार्क’ AI मॉडल, जानें इसकी खासियत

संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी, राहत की मांग

ग्राउंड जीरो पर स्थिति यह है कि देवरिया के ज्वेलरी शोरूम्स और दुकानों से ग्राहक गायब हैं। लोग खरीदारी को लेकर पूरी तरह असमंजस और डर की स्थिति में हैं। बाजार की इसी सुस्ती को देखते हुए स्थानीय व्यापारिक संगठनों ने आपात बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। व्यापारी नेताओं का कहना है कि वे जल्द ही रणनीति तय कर सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे। देवरिया के समस्त सर्राफा व्यवसायियों ने एकजुट होकर मांग की है कि छोटे व्यापारियों और मध्यमवर्गीय ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए इन कड़े नियमों में तत्काल राहत दी जाए, ताकि बाजार की रौनक फिर से लौट सके।

Location :  Deoria

Published :  16 May 2026, 11:35 AM IST