हिंदी
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (सोर्स-गूगल)
New Delhi: देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा प्रदाता कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में अपने 70 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों को 100% क्वार्टरली वेरिएबल अलाउंस देने का ऐलान किया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कंपनी ने इंक्रीमेंट प्रक्रिया को एक तिमाही के लिए स्थगित कर दिया है।
कर्मचारी ग्रेड के आधार पर तय हुआ वेरिएबल पे
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार, टीसीएस के चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर (CHRO) मिलिंद लक्कड़ ने एक ईमेल में इस फैसले की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि C2 ग्रेड के अंतर्गत आने वाले सभी कर्मचारियों को 100% वेरिएबल पे मिलेगा। वहीं C3 और इससे ऊपर के कर्मचारियों को यह राशि उनके बिजनेस यूनिट की परफॉर्मेंस पर आधारित मिलेगी।
क्या है टीसीएस में ग्रेड सिस्टम?
टीसीएस में कर्मचारियों को उनके अनुभव और पद के अनुसार ग्रेड दिया जाता है। शुरुआत ट्रेनी लेवल Y से होती है। उसके बाद C1 ग्रेड (सिस्टम इंजीनियर), C2, C3, C4 और C5 तक ग्रेड बढ़ते हैं। सबसे ऊपर CXO लेवल होता है। C3 और उससे ऊपर के ग्रेड को सीनियर स्टाफ की श्रेणी में रखा जाता है। इस बार C2 कैटेगरी में आने वाले लगभग 70% कर्मचारियों को तीन महीने का पूरा वेरिएबल पे दिया जाएगा।
TCS ने कर्मचारियों को दी बड़ी राहत (सोर्स-गूगल)
इंक्रीमेंट पर लगी अस्थायी रोक
टीसीएस हर साल 1 अप्रैल से अपने कर्मचारियों के वेतन में इजाफा करती है, लेकिन इस बार कंपनी ने इंक्रीमेंट की प्रक्रिया को अगली तिमाही के लिए स्थगित कर दिया है। कंपनी ने इसका कारण वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और डॉलर के कमजोर होते मूल्य को बताया है, जिसका असर राजस्व पर पड़ा है।
भर्ती में तेजी, मुनाफा भी बढ़ा
हालांकि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद, TCS ने इस तिमाही में 5,090 नए कर्मचारियों की नियुक्ति की है, जिससे कुल कर्मचारियों की संख्या 6.13 लाख से अधिक हो गई है।
कंपनी ने FY26 की पहली तिमाही में शानदार नतीजे दर्ज किए हैं। टीसीएस का शुद्ध मुनाफा 12,760 करोड़ रुपये रहा, जो कि सालाना आधार पर 6% की वृद्धि है। इसके अलावा कंपनी का कुल ऑपरेशनल रेवेन्यू 1.32% बढ़कर 63,437 करोड़ रुपये हो गया।
शेयरहोल्डर्स को भी मिला फायदा
मजबूत प्रदर्शन के बाद टीसीएस ने अपने शेयरधारकों को भी खुश कर दिया है। कंपनी ने 11 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने की घोषणा की है।
Location : New Delhi
Published : 18 July 2025, 11:04 AM IST
Topics : Business News Chief Human Resource Officer Quarterly Profit Tata Consultancy Services TCS TCS Recruitment