
पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले (Img: AI)
Deoria: देवरिया जिले में सोमवार देर रात पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 69 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। इस कार्रवाई में कई थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और अन्य पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस लाइन भेज दिया गया।
एकौना थाना प्रभारी अजय कुमार पांडेय को डायल-112 में तैनात किया गया है। वहीं खुंखदू के थाना प्रभारी संतोष कुमार, भटनी के थाना प्रभारी पंकज गुप्ता और खामपार के थाना प्रभारी प्रदीप कुमार अस्थाना को लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक के पीआरओ बलराम सिंह को खामपार थाने की कमान सौंपी गई है।
गौरीबाजार के थाना प्रभारी डॉ. महेंद्र कुमार का तबादला अपराध शाखा में किया गया है। जिले में इस फैसले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं मृत्युंजय कुमार को भटनी और विकास नाथ को मईल थाने का प्रभारी बनाया गया है। सलेमपुर के थाना प्रभारी दिनेश कुमार मिश्र को एकौना जैसे महत्वपूर्ण थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जेल की हकीकत जानने पहुंचे जिला जज और डीएम, बंदियों ने खोले कई राज
थानों के साथ-साथ कई चौकी प्रभारियों का भी स्थानांतरण किया गया है। कपरवार चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह को लाइन हाजिर किया गया, जबकि लार थाने के मेहरौना चेक पोस्ट प्रभारी धर्मेंद्र को भी पुलिस लाइन भेज दिया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने में लापरवाही की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।
केशव कुमार मौर्य को मईल थाने की देवरहा बाबा पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं अजय कुमार श्रीवास्तव को मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया। उसरा बाजार चौकी प्रभारी ज्ञान सिंह पटेल का तबादला खुंखदू थाने में किया गया है।
एक साथ 69 पुलिसकर्मियों के तबादले के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि यह फेरबदल जिले में कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की रणनीति का हिस्सा है। आने वाले दिनों में नई तैनातियों का असर जिले की पुलिस व्यवस्था पर साफ दिखाई दे सकता है।
Location : Deoria
Published : 30 June 2026, 8:37 AM IST