बिहार ब्यूरोक्रेसी में महाभूकंप: 21 IAS और 27 IPS अफसरों का तबादला, कई जिलों के कप्तान भी बदले

बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 IAS और 27 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। 10 साल बाद बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर को हटाया गया है। पटना समेत 11 जिलों को नए डीएम और 13 जिलों को नए एसपी मिले हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 June 2026, 8:24 AM IST

Patna: बिहार सरकार ने गुरुवार की देर रात प्रशासनिक महकमे में एक बहुत बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने एक साथ 21 आईएएस (IAS) और 27 आईपीएस (IPS) अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस बड़े बदलाव के तहत बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष आनंद किशोर को उनके पद से हटा दिया गया है।

उनकी जगह पटना के निवर्तमान जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम को बिहार बोर्ड का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही सूबे के 11 जिलों में नए जिलाधिकारियों (DM) की तैनाती की गई है और 13 जिलों के पुलिस कप्तान (SP) भी बदल दिए गए हैं।

10 साल बाद बिहार बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटे आनंद किशोर

इस पूरे फेरबदल में सबसे बड़ा फैसला बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर को हटाना रहा। वे करीब 10 वर्षों से इस पद पर काबिज थे। जून 2016 में तत्कालीन अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद के इस्तीफे के बाद आनंद किशोर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसके बाद समय-समय पर उनका कार्यकाल बढ़ाया जाता रहा।

उनके कार्यकाल में बिहार बोर्ड ने देश में सबसे पहले परीक्षा परिणाम जारी करने के कई राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किए। अब आनंद किशोर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं, नालंदा के डीएम कुंदन कुमार को पटना का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

बिहार के सरकारी डॉक्टरों को सीएम सम्राट की दोटूक चेतावनी, सुधर जाएं वरना झेलनी होगी सबसे बड़ी गाज!

महत्वपूर्ण निगमों और विभागों के मुखिया भी बदले

बदलाव की इस कड़ी में मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन को बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) का प्रबंध निदेशक (MD) बनाया गया है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा निदेशक धर्मेंद्र कुमार अब बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के नए एमडी होंगे।

पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ जोरवाल को दक्षिण बिहार ऊर्जा कंपनी का एमडी बनाया गया है, जबकि राजस्व विभाग की ओएसडी चंद्रिमा अत्री को समाज कल्याण निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।

इन 11 जिलों को मिले नए जिलाधिकारी (DM)

सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार राज्य के 11 जिलों की कमान नए जिलाधिकारियों को सौंपी गई है। इनमें मुजफ्फरपुर में कुमार गौरव, भागलपुर में अलंकृता पांडेय, नालंदा में उदिता सिंह, जहानाबाद में छिरिंग वाई भूटिया, पूर्वी चंपारण में सौरभ सुमन यादव, खगड़िया में विक्रम विरकर, रोहतास में दीपक कुमार मिश्रा, बांका में अंशुल अग्रवाल, गोपालगंज में समीर सौरभ और किशनगंज में नवीन कुमार को नया डीएम नियुक्त किया गया है।

बिहार पहुंचने से पहले पकड़ी गई शराब की बड़ी खेप! कार की डिक्की में छिपा था तस्करी का पूरा खेल

पटना के तीनों सिटी एसपी समेत 13 जिलों के कप्तान बदले

प्रशासनिक फेरबदल के साथ ही पुलिस महकमे में भी बड़ी सर्जरी हुई है। पटना के तीनों सिटी एसपी को बदल दिया गया है। ममता कल्याणी को पटना मध्य, शैलजा को पटना पूर्वी और संकेत कुमार को पटना पश्चिमी का नया सिटी एसपी बनाया गया है।

इसके अलावा भागलपुर में अतुलेश झा को सिटी एसपी और गया में अभिनव कुमार को सिटी एसपी की जिम्मेदारी मिली है। राज्य के 13 जिलों में नए एसपी की तैनाती की गई है, जिसमें औरंगाबाद के कप्तान उपेंद्र नाथ वर्मा, बांका के अमितेश कुमार, पूर्णिया के एसएसपी शौर्य सुमन और वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा शामिल हैं।

Location :  Patna

Published :  19 June 2026, 8:24 AM IST