हिंदी
प्रतीकात्मक छवि प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Agra: सदर थाना क्षेत्र में कैफे में चल रहे कथित अनैतिक गतिविधियों के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई का सिलसिला आगे बढ़ाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किए जाने के बाद अब एसीपी सदर राम प्रवेश गुप्ता को भी सदर सर्किल से हटा दिया गया है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने उनका तबादला करते हुए उन्हें एसीपी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दी है।
राम प्रवेश गुप्ता के स्थान पर एसीपी हरीपर्वत अमीषा सिंह को सदर सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राम प्रवेश गुप्ता को करीब नौ महीने के भीतर दूसरी बार सर्किल से हटाया गया है। विभागीय स्तर पर हुई इस कार्रवाई के बाद आगरा पुलिस महकमे में चर्चाएं तेज हैं।
मामला सदर क्षेत्र के नंद प्लाजा में संचालित कैफे से जुड़ा है। यहां कुछ कैफे में केबिन बनाए गए थे, जिन्हें युवक-युवतियों को कथित तौर पर घंटों के हिसाब से उपलब्ध कराया जाता था।
एलआईयू से मिली सूचना के बाद पुलिस ने इन कैफे में छापा मारा था। जांच के दौरान पुलिस की कथित मिलीभगत की बात सामने आने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया था। अब इसी मामले में एसीपी सदर राम प्रवेश गुप्ता पर भी कार्रवाई की गई है।
राम प्रवेश गुप्ता के खिलाफ इससे पहले भी दिसंबर 2025 में कार्रवाई हो चुकी है। उस समय वह अछनेरा सर्किल में तैनात थे। किरावली थाने में एक किसान के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी। उस प्रकरण में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। इसके बाद अब एक बार फिर राम प्रवेश गुप्ता को सर्किल की जिम्मेदारी से हटाया गया है।
पुलिस विभाग में हुए फेरबदल के तहत एसीपी हरीपर्वत का पद आईपीएस बजरंग प्रसाद को सौंपा गया है। वह मूलरूप से बस्ती के रहने वाले बताए जाते हैं। इसके अलावा एसीपी खेरागढ़ प्रीता को एसीपी ऑफिस की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि एसीपी ऑफिस में तैनात सुनीता चौहान को एसीपी खेरागढ़ बनाया गया है।
Jewar Road Accident: जेवर सड़क हादसे में महराजगंज के विकास की मौत, शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
सदर क्षेत्र से जुड़े मामले में पहले इंस्पेक्टर और अब एसीपी पर हुई कार्रवाई से साफ है कि पुलिस प्रशासन इस प्रकरण को गंभीरता से ले रहा है। अधिकारियों के स्तर पर किए गए फेरबदल के बाद अब सदर सर्किल की नई जिम्मेदारी अमीषा सिंह के पास होगी। आने वाले दिनों में इस मामले में विभागीय स्तर पर और क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।
Location : Agra
Published : 1 September 2026, 11:22 AM IST