
खेसारी लाल से बात करते अनंत सिंह (Img X)
मोकामा: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। 25 नवंबर को होने वाली इस हाई प्रोफाइल वेडिंग में राजनीति से लेकर भोजपुरी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री तक की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की चर्चा है। अनंत सिंह ने भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को भी बेटी की शादी का न्योता दिया है। हालांकि, अब खेसारी के एक बयान ने उनके शादी में शामिल होने को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है।
दरअसल, कुछ दिनों पहले अनंत सिंह का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह खेसारी लाल यादव को अपनी बेटी की शादी में आने का निमंत्रण देते नजर आए थे। इस वीडियो के बाद माना जा रहा था कि भोजपुरी सुपरस्टार इस शाही शादी में जरूर पहुंचेंगे। लेकिन अब खेसारी ने मीडिया से बातचीत में बताया है कि उनके लिए शादी में शामिल होना आसान नहीं होगा।
खेसारी लाल यादव ने बताया कि अनंत सिंह ने उन्हें बेटी की शादी का न्योता दिया है और इस सिलसिले में उनकी बातचीत भी हुई है। वह शादी में शामिल होने की पूरी कोशिश करेंगे, लेकिन उसी दिन उनके साढ़ू की बेटी की शादी भी है।
खेसारी ने कहा कि उनके साढ़ू की बेटी उनके घर में बड़ी है और परिवार की पहली बेटी की शादी है। ऐसे में उनकी पत्नी का झुकाव भी उस शादी की तरफ है और उनका खुद का भी मन वहीं रहने का है, क्योंकि वह बच्ची उनके ही घर में रहती है।
अभिनेता ने कहा कि वह देखेंगे कि किस तरह दोनों शादियों में शामिल होना संभव हो सकता है। उनके इस बयान से साफ है कि वह अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचने की इच्छा तो रखते हैं, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारी उनके सामने बड़ी चुनौती बन गई है।
खेसारी ने यह भी कहा कि 20 नवंबर को वह पटना में नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद वह अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि शिवांगी भी उनकी बेटी जैसी हैं और उनकी तरफ से जितनी शुभकामनाएं होंगी, वह जरूर देंगे। समय मिला तो वह बिटिया को आशीर्वाद देने भी पहुंचेंगे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि खेसारी लाल यादव अपने परिवार की शादी से समय निकालकर अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी में पहुंच पाते हैं या नहीं।
अनंत सिंह ने बेटी की शादी में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को भी आमंत्रित किया है। अक्षरा सिंह ने शादी में शामिल होने का भरोसा दिया है। इसके अलावा सोनू सूद, मनोज तिवारी, मैथिली ठाकुर, पवन सिंह और उदित नारायण जैसी बड़ी हस्तियों के भी शादी में शामिल होने की चर्चा है।
जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बेटी की शादी का निमंत्रण दिया है। ऐसे में 25 नवंबर को होने वाली इस शादी पर राजनीतिक और मनोरंजन जगत की नजरें टिकी हुई हैं।
Location : Mokama
Published : 19 November 2026, 9:37 AM IST
Topics : ANANT SINGH DAUGHTER WEDDING anant singh Khesari Lal Latest News Khesari Lal Yadav Shivangi Wedding