बिहार में रेल हादसा: महानंदा एक्सप्रेस के इंजन समेत 3 डिब्बे पटरी से उतरे; यात्रियों में मची अफरा-तफरी

बिहार के भोजपुर में बड़ा रेल हादसा टल गया। आरा रेलवे स्टेशन के पास महानंदा एक्सप्रेस के इंजन, SLR बोगी और AC कोच के पहिए पटरी से उतर गए। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है, रेलवे ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 6 September 2026, 11:02 AM IST

भोजपुर (बिहार): बिहार के भोजपुर जिले में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। आरा रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस (Train No. 15484) अचानक डिरेल हो गई। ट्रेन के पटरी से उतरते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आरा स्टेशन से निकलने के बाद डिरेल हुई ट्रेन

जानकारी के मुताबिक, महानंदा एक्सप्रेस आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से रवाना हुई थी। स्टेशन से कुछ दूरी आगे पश्चिमी ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही ट्रेन के इंजन, SLR कोच और एक AC कोच के पहिए पटरी से उतर गए।

घटना के समय सुबह का वक्त था और ट्रेन में मौजूद कई यात्री गहरी नींद में थे। अचानक तेज आवाज होने के बाद यात्रियों में डर का माहौल बन गया और लोग अपनी सीटों से उठकर स्थिति समझने लगे।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बची जान

डिरेलमेंट के बाद ट्रेन में कुछ देर के लिए चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल रहा। यात्री घबराकर अपने सामान के साथ बाहर निकलने लगे। हालांकि, रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हादसे में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

रेलवे अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डिरेल हुए कोचों को सुरक्षित तरीके से अलग करने का काम शुरू किया।

रेलवे कर्मचारियों की मदद से डिरेल हुए हिस्सों को हटाया गया और दूसरे इंजन की सहायता से ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा।

डिरेलमेंट के कारणों की जांच जारी

महानंदा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी खराबी, ट्रैक में समस्या या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Location :  Bihar

Published :  6 September 2026, 11:02 AM IST