नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की इच्छा जताने के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा पर नीतीश को “हाईजैक” करने और महाराष्ट्र मॉडल लागू करने का आरोप लगाया है। अब राज्य की सियासत में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर चर्चाएं तेज हैं।

तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार
Patna: बिहार की राजनीति में सियासी हलचल अचानक तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की इच्छा जताने के बाद अब सत्ता की कुर्सी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसी बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा ने नीतीश कुमार को “हाईजैक” कर लिया है और अब उन्हें धीरे-धीरे सत्ता से बाहर किया जा रहा है। तेजस्वी का कहना है कि बिहार में भी वही “महाराष्ट्र मॉडल” लागू किया जा रहा है, जिसके जरिए पहले सहयोगी दल को कमजोर किया जाता है और फिर सत्ता पर कब्जा कर लिया जाता है।
तेजस्वी यादव का भाजपा पर बड़ा आरोप
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बिहार में अपनी रणनीति के तहत काम कर रही है। उनके मुताबिक भाजपा ने पहले नीतीश कुमार को अपने साथ किया और अब उन्हें किनारे लगाने की तैयारी चल रही है। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा सिर्फ नीतीश कुमार को ही नहीं बल्कि उनकी पार्टी जेडीयू को भी खत्म करने की कोशिश कर रही है। उनका दावा है कि बिहार में वही राजनीतिक फार्मूला अपनाया जा रहा है जो पहले महाराष्ट्र में देखने को मिला था।
बिहार की सियासत में बड़ा खेल! तेजस्वी यादव ने कहा- नीतीश कुमार को भाजपा ने किया ‘हाईजैक’@yadavtejashwi @NitishKumar @Jduonline #BiharPolitics #Bihar #BJP pic.twitter.com/xR17NDJSl5
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 5, 2026
चुनाव के समय आरजेडी ने जताई थी आशंका
दरअसल विधानसभा चुनाव के दौरान ही आरजेडी के कई नेताओं ने यह आशंका जताई थी कि अगर भाजपा की सीटें जेडीयू से ज्यादा आती हैं तो भाजपा अपना मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश करेगी। उस वक्त आरजेडी का कहना था कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को ज्यादा महत्व नहीं दिया जाएगा। अब जब खुद नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की इच्छा जताई है, तो आरजेडी अपने पुराने दावों को सही साबित होता हुआ बता रही है।
राज्यसभा जाने के ऐलान से बढ़ा सस्पेंस
नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताने के बाद बिहार की राजनीति में नया सस्पेंस खड़ा हो गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अगर नीतीश कुमार संसद की राजनीति में जाते हैं तो बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। कई विश्लेषकों का मानना है कि ऐसी स्थिति में भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री पद की दौड़ में आगे आ सकता है।
नीतीश कुमार ने क्या कहा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी इच्छा जाहिर की। उन्होंने लिखा कि पिछले दो दशकों से जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, वही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद से उनकी इच्छा रही है कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों में भी सदस्य बनकर जनता की सेवा कर सकें। इसी भावना के साथ उन्होंने इस बार राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा जताई है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार के विकास के लिए उनका सहयोग और मार्गदर्शन आगे भी जारी रहेगा।