
तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी (सोर्स- एक्स)
Patna: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष Tej Pratap Yadav के सरकारी आवास पर चोरी की घटना सामने आई है। इस मामले में तेजप्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर चोरी का आरोप लगाते हुए सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तेजप्रताप यादव के 42 हार्डिंग रोड स्थित आवास पर यह घटना हुई। तेजप्रताप यादव का आरोप है कि 22 जून को उनके घर की आलमारी से पार्टी फंड के लिए रखी गई 20 लाख रुपये की नकद राशि चोरी कर ली गई। इसके अलावा कई कीमती सामान और आभूषण भी गायब पाए गए हैं।
शिकायत में बताया गया है कि नकदी के अलावा 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोनी की चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनेवो लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन भी चोरी हुए हैं। तेजप्रताप यादव ने इस पूरी घटना के लिए अपने सहयोगी मोतीलाल राय को जिम्मेदार ठहराया है।
चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद सचिवालय थाना पुलिस तत्काल हार्डिंग रोड स्थित आवास पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
यह पहला मौका नहीं है जब तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी की घटना हुई हो। इससे पहले वर्ष 2022 में भी उनके घर में चोरी का मामला सामने आया था। उस समय तेजप्रताप यादव ने अपने आवास की देखरेख की जिम्मेदारी चंदन नामक युवक को सौंपी थी, जो लंबे समय से उनके यहां काम करता था।
एफआईआर के अनुसार, 27 मई 2022 को चंदन घर से नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया था। उस मामले में तेजप्रताप यादव ने चंदन पर आईफोन और तीन बैग चोरी करने का आरोप लगाया था।
Bihar Politics: पवन सिंह ने चुनावी राजनीति से बनाई दूरी, ससुर ने निजी विवाद को लेकर बड़ा खुलासा किया
वहीं, हाल के दिनों में तेजप्रताप यादव कई अन्य कानूनी विवादों को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी और उनके पिता Lalu Prasad Yadav की हत्या की साजिश रची जा रही है। इस संबंध में उन्होंने आकाश यादव के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।
दूसरी ओर, तेजप्रताप यादव की कथित प्रेमिका अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आकाश यादव का आरोप है कि तेजप्रताप यादव जबरन उनके घर में घुसे और परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी। आकाश यादव के अनुसार, तेजप्रताप उनकी भांजी, यानी अनुष्का यादव की बेटी से मिलना चाहते थे और इसी बात को लेकर दबाव बनाया जा रहा था।
Location : Patna
Published : 23 June 2026, 12:51 PM IST