सावन का पहला और आखिरी सोमवार: बिहार में सिवान के बाद अब मधेपुरा के सिंहेश्वर धाम में भगदड़, 6 श्रद्धालु घायल

बिहार के मधेपुरा स्थित प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम मंदिर में सावन के आखिरी सोमवार को भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस हादसे में चार महिलाओं समेत 6 श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तुरंत मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 August 2026, 10:10 AM IST

Madhepura: बिहार के मधेपुरा जिले में स्थित प्रसिद्ध सिंहेश्वर स्थान मंदिर में सावन के आखिरी सोमवार के अवसर पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए अहले सुबह से ही लाखों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में कतारबद्ध थे। अंतिम सोमवारी होने के कारण राज्य के विभिन्न जिलों और पड़ोसी इलाकों से भी बड़ी संख्या में कांवरिया और शिवभक्त पहुंचे थे, जिससे मंदिर परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी।

प्रवेश द्वार पर अचानक बनी अफरा-तफरी की स्थिति

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6:25 से 7:00 बजे के बीच मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास अचानक भारी दबाव बढ़ गया। एक साथ मंदिर के अंदर प्रवेश करने की होड़ और अत्यधिक भीड़ के कारण वहां भगदड़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। इस दौरान कई लोग नीचे गिर गए और कुचलने की स्थिति बन गई। इस अप्रत्याशित घटना से कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

बिहार में सावन के पहले सोमवार को बड़ा हादसा, सिवान केबाबा महेंद्रनाथ मंदिर में मची भगदड़, दो महिलाओं की मौत, कई घायल

चार महिलाओं समेत छह श्रद्धालु घायल, अस्पताल में भर्ती

इस दर्दनाक हादसे में कुल छह श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने त्वरित कार्रवाई की। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी घायलों को तुरंत मंदिर परिसर से बाहर निकाला और इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मधेपुरा मेडिकल कॉलेज) में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Bihar Stampede: नालंदा के शीतला देवी मंदिर में पूजा के दौरान अचानक मची भगदड़, 8 लोगों की मौत; दस घायल

प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

हादसे के बाद मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलाभिषेक को सुनिश्चित करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक बढ़ा दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है ताकि दोबारा ऐसी किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। फिलहाल मंदिर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन लगातार भीड़ को नियंत्रित करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना संपन्न करवा रहा है।

पहले सोमवार पर भी बिहार के सिवान में हुआ था बड़ा हादसा

सावन के पहले सोमवार पर बिहार के सिवान में एक बड़ा हादसा हो गया था। सिवान के सिसवन प्रखंड में स्थित प्रसिद्ध बाबा महेंदरनाथ मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन के दौरान अचानक भगदड़ मच गई थी। भगदड़ के दौरान भीड़ में दो महिला की दबकर मौत हो गई थी। इस हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की खबर थी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक सावन के पहले सोमवार पर बाबा महेंदरनाथ मंदिर में दर्शन औक जलाभिषेक के लिये लोग दूर-दूर से यहां पहुंचे हुए थे। 

Location :  Madhepura

Published :  24 August 2026, 10:10 AM IST