
कहां छिपे हैं खान सर? (Img- Internet)
Patna: बिहार की राजधानी पटना के मशहूर कोचिंग संचालक और यूट्यूबर खान सर उर्फ फैसल खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। FIR दर्ज होने के बाद से पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शुक्रवार की रात पटना पुलिस की टीम खान सर की तलाश में मुसल्लहपुर स्थित उनके कोचिंग सेंटर 'जीएस ग्लोबल स्टडीज' (GS Global Studies) पहुंची।
पुलिस की एक के बाद एक करीब 5 गाड़ियां अचानक कोचिंग कैंपस में दाखिल हुईं, जिससे वहां मौजूद छात्रों के बीच हड़कंप मच गया। हालांकि, सघन तलाशी के बावजूद खान सर पुलिस के हाथ नहीं आए। छात्रों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और कोचिंग परिसर से सभी छात्र-छात्राओं को बाहर हटा दिया।
जानकारों के मुताबिक, पुलिस केस दर्ज होने के बाद भी खान सर बेहद सामान्य नजर आ रहे थे और उन्होंने छात्रों की क्लास भी ली थी। एक न्यूज़ पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार सुबह भी खान सर के कोचिंग के छात्रों के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि 'आज भी सर की क्लास सुबह 10 से 11 बजे के बीच होगी।' इस मैसेज के बाद छात्र कोचिंग तो पहुंचे, लेकिन खान सर वहां मौजूद नहीं थे। पुलिस की टीम लगातार उनके संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है, लेकिन फिलहाल 'गुरुजी' का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
कानूनी गलियारों और स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि खान सर शुक्रवार की रात या शनिवार को पुलिस के सामने सरेंडर (आत्मसमर्पण) नहीं करेंगे। इसके पीछे एक बड़ी कानूनी वजह बताई जा रही है। दरअसल, अगर वह शनिवार को सरेंडर या गिरफ्तार होते हैं, तो रविवार को कोर्ट बंद होने के कारण उन्हें कम से कम दो दिन जेल में बिताने पड़ सकते हैं।
Patna News: खान सर की कोचिंग विवाद में नया मोड़, वायरल वीडियो से बढ़ी सियासत, पुलिस जांच तेज
जमानत की अर्जी दाखिल करने के लिए उन्हें सोमवार तक का इंतजार करना होगा। इसी रणनीति के तहत कयास लगाए जा रहे हैं कि खान सर सोमवार को ही सीधे कोर्ट या पुलिस के सामने आ सकते हैं। हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी अब कभी भी और कहीं से भी हो सकती है।
इस पूरे विवाद और पुलिसिया कार्रवाई के बीच पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की एंट्री हो गई है। खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के बीच उपजे इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने इसे सिस्टम की खामी बताया। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ दो व्यक्तियों या दो बड़े संस्थानों की आपसी लड़ाई का नहीं है। देश की हर बड़ी शैक्षणिक संस्था में कुछ ऐसे तत्व सक्रिय होते हैं, जो बेहतर काम करने वाले शिक्षकों की छवि को धूमिल करने की साजिश रचते हैं। दिल्ली से लेकर कोटा तक ऐसे कई उदाहरण पहले भी देखे जा चुके हैं।
Paper Leak Case: पेपर पहुंचाने में नहीं, लीक रोकने में है समस्या’, NEET मामले पर खान सर का बड़ा बयान
सांसद पप्पू यादव ने दोनों शिक्षकों का बचाव करते हुए साफ तौर पर कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होना कोई गलत बात नहीं है। खान सर और रौशन आनंद दोनों ही अपने-अपने स्तर पर बेहतरीन काम कर रहे हैं और समाज में दोनों का बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि एक तरफ वैश्विक पहचान रखने वाले शिक्षक हैं, तो दूसरी तरफ वो लोग हैं जिन्होंने बिहार, यूपी और झारखंड जैसे पिछड़े राज्यों में शिक्षा का स्तर सुधारा है। पप्पू यादव ने मांग की कि दोनों में से किसी ने भी कोई गोलीबारी नहीं की है, इसलिए पुलिस को उनके खिलाफ क्रिमिनल की तरह कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।
Location : Patna
Published : 6 June 2026, 9:04 AM IST