Patna News: खान सर की कोचिंग विवाद में नया मोड़, वायरल वीडियो से बढ़ी सियासत, पुलिस जांच तेज

पटना में खान सर की कोचिंग से जुड़े विवाद में नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित फायरिंग दिखाई देने के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। ज्ञान बिंदु कोचिंग ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 June 2026, 3:03 PM IST

Patna: पटना में मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग से जुड़े विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। 2 जून की शाम हुई कथित हिंसक घटना के बाद अब एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग हथियार के साथ दिखाई दे रहे हैं और फायरिंग जैसी गतिविधि करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया राजनीतिक और कानूनी रंग ले लिया है।

वायरल वीडियो को लेकर उठे सवाल

वायरल वीडियो में दो लोग बंदूक में गोली भरते और हवा में फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि ये लोग खान सर की सुरक्षा टीम से जुड़े हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

ज्ञान बिंदु कोचिंग ने लगाए गंभीर आरोप

ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से आदर्श नामक व्यक्ति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वीडियो जारी किया। उन्होंने आरोप लगाया कि फायरिंग खान सर के गार्ड द्वारा की गई थी। प्रेस वार्ता के दौरान ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद मौजूद नहीं थे। संगठन की ओर से पूरे घटनाक्रम को साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

Paper Leak Case: पेपर पहुंचाने में नहीं, लीक रोकने में है समस्या’, NEET मामले पर खान सर का बड़ा बयान

पुलिस ने की गिरफ्तारी और कोर्ट में पेशी

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक तथा गौरव को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को तीनों को पटना सिविल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके बाद तीनों को बेऊर जेल भेजा गया। कोर्ट में पेशी से पहले उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

रौशन आनंद ने लगाए साजिश के आरोप

गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने दावा किया कि पुलिस ने स्वयं कहा है कि घटना स्थल पर कोई गोलीबारी नहीं हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी संस्था को बदनाम करने के उद्देश्य से यह पूरा मामला रचा गया है। रौशन आनंद ने यह भी बताया कि वह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और पूर्व में उनका किडनी ऑपरेशन भी हो चुका है।

खान सर के कोचिंग में अचानक क्यों पहुंचे बिहार के गवर्नर, आगे जानें क्या हुआ

मारपीट से शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत खान सर के एक सुरक्षा गार्ड के साथ कथित मारपीट से हुई थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने कोचिंग परिसर में घुसकर गार्ड के साथ हाथापाई की थी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने का प्रयास जारी है।

Location :  Patna

Published :  4 June 2026, 3:00 PM IST