Site icon Hindi Dynamite News

बिहार में किसकी सरकार? नतीजों से पहले सियासी सरगर्मी तेज, एग्जिट पोल कर रहें इस ओर इशारा

14 नवंबर को आने वाले बिहार चुनाव परिणामों से पहले एग्जिट पोल ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। अधिकांश सर्वे में एनडीए को बहुमत से आगे दिखाया जा रहा है, जबकि महागठबंधन पिछड़ता नजर आ रहा है। तेजस्वी यादव ने शपथ लेने का दावा किया है।
Post Published By: Asmita Patel
Published:
बिहार में किसकी सरकार? नतीजों से पहले सियासी सरगर्मी तेज, एग्जिट पोल कर रहें इस ओर इशारा

New Delhi: पूरा देश 14 नवंबर 2025 को बिहार चुनाव के नतीजों पर नजरें गड़ाए हुए है। एनडीए और महागठबंधन दोनों गठबंधन अपने-अपने जीत के दावे कर रहे हैं। हर तरफ यही सवाल गूंज रहा है। “बिहार में किसकी सरकार?” यही जवाब एग्जिट पोल्स ने आंशिक रूप से देने की कोशिश की है।

एनडीए जहां अपनी वापसी को लेकर आत्मविश्वास से भरा दिख रहा है, वहीं महागठबंधन इसे जनादेश का अपमान बताते हुए अंतिम नतीजों का इंतजार करने की बात कर रहा है। तेजस्वी यादव ने तो शपथग्रहण की तारीख 18 नवंबर तय कर दी है, जबकि एनडीए का कहना है कि इस बार का जनादेश 2010 से भी बड़ा होगा।

सैंपल साइज और सर्वे का दायरा

एग्जिट पोल का सैंपल साइज काफ़ी बड़ा रखा गया है। सर्वे 243 विधानसभा सीटों के 2154 गांवों और शहरों में किया गया, जिसमें कुल 42,031 मतदाताओं ने हिस्सा लिया। इस बड़े सैंपल साइज के कारण विश्लेषक इसे राज्य की जनता की मनोदशा का सटीक संकेत मान रहे हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: स्ट्रांग रूम में बंद जनता का फैसला, 14 नवंबर को खुलेंगे भाग्य के दरवाज़े

एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल

एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में एनडीए को 43 प्रतिशत वोट शेयर मिलता दिख रहा है। वहीं, महागठबंधन को 41 प्रतिशत, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को 4 प्रतिशत और अन्य दलों को 12 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान है।

Polls of Polls का संकेत

विभिन्न एजेंसियों के सर्वे के औसत यानी Polls of Polls के मुताबिक एनडीए 147 से अधिक सीटें जीत सकता है। चूंकि बहुमत का आंकड़ा 122 सीटों का है, इसलिए यह अनुमान एनडीए के लिए बड़ा राहत संकेत है। 2020 में एनडीए को 125 सीटें मिली थीं, इस बार के एग्जिट पोल में उसे इससे भी बड़ा जनादेश मिलने की संभावना जताई जा रही है।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दूसरे चरण में रिकॉर्ड तोड़ा वोटर टर्नआउट, बेरोजगारी और पलायन बने चुनावी मुद्दे

विभिन्न एजेंसियों के सर्वे क्या कहते हैं

• P-MARQ एग्जिट पोल
एनडीए को 142-162 सीटें, महागठबंधन को 80-98 सीटें, जन सुराज को 1-4 सीटें, अन्य को 0–3 सीटें मिलने का अनुमान।
• चाणक्य स्ट्रैटेजीज़
एनडीए को 130-138 सीटें, महागठबंधन को 100-108 सीटें, अन्य को 3-5 सीटें दी गई हैं।
• पोलस्ट्रेट सर्वे
एनडीए को 133-148 सीटें, महागठबंधन को 87-102 सीटें, अन्य को 3-5 सीटें।
• पीपल्स इनसाइट
एनडीए को 133-148 सीटें, महागठबंधन को 87-102 सीटें, जन सुराज को 0-2 सीटें, अन्य को 3-6 सीटें मिलने का अनुमान।
• जेवीसी एग्जिट पोल
एनडीए को 135-150 सीटें, महागठबंधन को 88-103 सीटें, अन्य को 3-6 सीटें मिलती दिख रही हैं।

तेजस्वी यादव ने एग्जिट पोल को बताया ‘फर्जी’

महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव ने एग्जिट पोल के नतीजों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि, “14 नवंबर को जब असली वोटों की गिनती होगी, तब जनता सच्चाई दिखा देगी। हमने बिहार में बदलाव की नींव रखी है और जनता इस बार ठोस फैसला करेगी।” तेजस्वी ने दावा किया कि वे 18 नवंबर को शपथ ग्रहण करेंगे और महागठबंधन जनता की सरकार बनाएगा।

“जनता ने फिर भरोसा जताया”

वहीं एनडीए नेताओं ने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे जनता के मूड को साफ दिखा रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी पर जनता ने एक बार फिर भरोसा जताया है। एनडीए नेताओं के अनुसार, इस बार का जनादेश विकास और स्थिरता के एजेंडे के पक्ष में होगा।

वीआईपी सीटों पर बड़े नामों की टक्कर

• सीवान: बीजेपी के मंगल पांडेय पीछे चल रहे हैं।
• सासाराम: राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा पिछड़ रहीं हैं।
• करगहर: जन सुराज से भोजपुरी स्टार रितेश पांडेय पीछे हैं, जबकि पत्रकार पोल में यहां बीएसपी आगे बताई गई है।
• नबीनगर: जेडीयू के चेतन आनंद (बाहुबली आनंद मोहन के बेटे) आगे चल रहे हैं।
• वारिसलीगंज: बीजेपी की अरुणा देवी पिछड़ रहीं हैं, जिनके सामने बाहुबली अशोक महतो की पत्नी आरजेडी से मैदान में हैं।

अंतिम नतीजों पर टिकी निगाहें

एग्जिट पोल भले ही एनडीए के पक्ष में संकेत दे रहे हों, लेकिन अंतिम फैसला 14 नवंबर को मतगणना के बाद ही सामने आएगा। बिहार का यह चुनाव न केवल राज्य की दिशा तय करेगा बल्कि राष्ट्रीय राजनीति पर भी असर डाल सकता है। जनता का मूड किस ओर है, यह देखने के लिए पूरा देश बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

Exit mobile version